पितेश्वर हरपाल फिंगेश्वर। फिंगेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भसेरा से एक सनसनीखेज और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। आयुर्वेदिक इलाज के नाम पर आए एक तथाकथित वैद्य ने मरीज के पूरे परिवार को नशीला प्रसाद खिलाकर बेहोश कर दिया और घर से करीब 60 हजार रुपये मूल्य के सोने के गहने लेकर फरार हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
आयुर्वेदिक इलाज के बहाने घर में बनाई जगह
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भसेरा निवासी टेमन लाल साहू ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी मां मानबाई साहू का करीब डेढ़ वर्ष पहले रायपुर निवासी सत्यनारायण साहू नामक व्यक्ति से आयुर्वेदिक पद्धति से इलाज कराया गया था। इसी विश्वास के चलते 10 दिसंबर की शाम करीब 6 बजे सत्यनारायण फिर उनके घर पहुंचा और जड़ी-बूटी से इलाज किया।
प्रसाद खिलाते ही परिवार हुआ बेहोश
इलाज के बाद रात करीब 7 बजे आरोपी ने परिवार को प्रसाद दिया, जिसे घर के सभी सदस्यों ने खा लिया। कुछ ही देर में सभी को चक्कर आने लगे और पूरा परिवार गहरी नींद में चला गया। रातभर किसी को कोई होश नहीं रहा।
सुबह टूटा भरोसा, गहने गायब
सुबह जब मानबाई साहू की नींद खुली तो उनके गले में पहनी सोने की पांच नग पत्ती और कान में पहने सोने के खिनवा गायब थे। घर में तलाश करने पर पता चला कि रात में घर में रुका तथाकथित वैद्य सत्यनारायण साहू भी बिना बताए फरार हो चुका था।
तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती
घटना के बाद मानबाई साहू की तबीयत अचानक और बिगड़ने लगी। परिजनों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां इलाज के बाद होश आया। इसके बाद पूरे मामले की जानकारी फिंगेश्वर थाना पुलिस को दी गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, रायपुर से गिरफ्तारी
प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। शुक्रवार को पुलिस टीम ने आरोपी के निवास टिकरापारा, रायपुर में दबिश दी और पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी सत्यनारायण साहू ने इलाज के बहाने नशीला प्रसाद खिलाकर चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी जेल भेजा गया, गांव में दहशत
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इस घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे फर्जी वैद्यों पर सख्त निगरानी और कार्रवाई की मांग की है।








