ब्यूरो चीफ बन्नूराम कोण्डागांव । छत्तीसगढ़ शासन की मंशा के अनुरूप तथा कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के निर्देशानुसार जिला कोण्डागांव में निर्माण श्रमिकों एवं असंगठित कर्मकारों के हित में ग्राम पंचायत पुसावंड में मोबाइल पंजीयन एवं नवीनीकरण शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य श्रमिकों का पंजीयन, नवीनीकरण एवं विभागीय योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना रहा।
71 श्रमिकों का हुआ पंजीयन
शिविर का आयोजन जिला जनसंपर्क कार्यालय कोण्डागांव के समन्वय से कार्यालय श्रम पदाधिकारी, जिला कोण्डागांव द्वारा किया गया। शिविर में कुल 71 श्रमिकों का पंजीयन कर उन्हें श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं से जोड़ा गया। यह पहल श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
शिविर के दौरान श्रमिकों को श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। अधिकारियों ने विशेष रूप से निम्न योजनाओं पर प्रकाश डाला:
- नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना
- मिनीमाता महतारी जतन योजना
- नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना
- मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना
अधिकारियों ने योजनाओं के लाभ, पात्रता शर्तें एवं आवेदन प्रक्रिया के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया।
अधिकाधिक पंजीयन हेतु अपील
अधिकारियों ने उपस्थित श्रमिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन एवं नवीनीकरण कराकर शासन की योजनाओं का लाभ लें। शिविर में श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा विभागीय पहल की सराहना की।








