पितेश्वर हरपाल गरियाबंद।गरियाबंद जिले के आदिवासी विकासखंड मैनपुर क्षेत्र में किसानों का आक्रोश एक बार फिर सड़कों पर दिखाई दिया। राजापड़ाव, गौरगांव, बोईरगांव, ठेमली, पथर्री, नागेश सहित आसपास के क्षेत्रों के सैकड़ों किसानों ने बुधवार को मैनपुर में रैली निकालते हुए जमकर नारेबाजी की और सीधे एसडीएम कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार मैनपुर को ज्ञापन सौंपा।
6 जनवरी से अनिश्चितकालीन चक्काजाम का ऐलान
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो आगामी 6 जनवरी 2026 से सुबह 8 बजे नेशनल हाईवे 130C (मैनपुर–देवभोग मार्ग) पर झरियाबाहरा के पास अनिश्चितकालीन चक्काजाम किया जाएगा।
मुख्यमंत्री सहित कई जनप्रतिनिधियों के नाम सौंपा ज्ञापन
किसानों द्वारा सौंपा गया ज्ञापन मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम था। इसकी प्रतिलिपि कृषि मंत्री रामविचार नेताम, प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल, सांसद रूपकुमारी चौधरी, मुख्य सचिव, जिला कलेक्टर गरियाबंद एवं पुलिस अधीक्षक को एसडीएम मैनपुर के माध्यम से भेजी गई है।
समर्थन मूल्य पर मक्का खरीदी नहीं होने से किसान परेशान
ज्ञापन में किसानों ने बताया कि मैनपुर विकासखंड में हजारों किसानों ने लगभग 12 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में मक्का की फसल ली है, लेकिन अब तक समर्थन मूल्य पर मक्का खरीदी शुरू नहीं होने से किसान मजबूरी में अपनी उपज बिचौलियों को औने-पौने दामों में बेचने को विवश हैं।
वन अधिकार पट्टा धारक किसानों की धान खरीदी भी ठप
किसानों ने एक और गंभीर समस्या उठाई। शासन द्वारा वन अधिकार पट्टा प्राप्त भूमि पर किसान धान और मक्का की खेती कर रहे हैं। राजस्व विभाग द्वारा भौतिक सत्यापन और गिरदावरी भी पूरी की जा चुकी है, लेकिन समिति पोर्टल में गिरदावरी लंबित बताकर टोकन जारी नहीं किया जा रहा, जिससे लगभग एक हजार किसान धान नहीं बेच पा रहे हैं।
कई बार शिकायत, लेकिन समाधान नहीं
किसानों का कहना है कि इस समस्या को लेकर वे कई बार स्थानीय अधिकारियों और प्रशासन को अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ है। इसी कारण किसान संघर्ष समिति के बैनर तले आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया गया है।
किसान संघर्ष समिति के नेतृत्व में आंदोलन
इस प्रदर्शन में किसान संघर्ष समिति के अध्यक्ष टीकम सिंह कपिल, जनपद सदस्य सुकचंद ध्रुव, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव, महिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रियंका कपिल, सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सरपंच एवं किसान मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की भी तैनाती की गई थी।
किसानों का साफ संदेश
किसानों ने स्पष्ट कहा है कि
“यदि 6 जनवरी से पहले मक्का खरीदी और वन अधिकार पट्टा धारक किसानों की धान खरीदी शुरू नहीं की गई, तो नेशनल हाईवे पर चक्काजाम तय है।”








