मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। घरेलू विवाद के दौरान एक पिता ने अपने ही बेटे की भरमार बंदूक से गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना में बीच-बचाव करने आई आरोपी की पत्नी भी गोली के छर्रे लगने से घायल हो गई। वारदात के अगले दिन आरोपी पिता ने पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के अनुसार यह घटना अंबागढ़ चौकी थाना क्षेत्र के कुंवारदल्ली गांव की है। मृतक युवक की पहचान शेखर उइके (22 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी पिता संतराम उइके (48 वर्ष) किसी बात को लेकर अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर रहा था। जब बेटे शेखर ने मां को पीटने का कारण पूछा और विरोध किया, तो गुस्से में आकर संतराम ने घर में रखी भरमार बंदूक से बेटे पर गोली चला दी।
गोली लगने से शेखर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां को छर्रे लगने से गंभीर चोटें आईं। घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया। अगले दिन गांव के पास एक पेड़ पर उसका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस ने पिता-पुत्र दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया मामला घरेलू हिंसा और मानसिक तनाव से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
मां से मारपीट पर बेटे की गोली मारकर हत्या, पिता ने की आत्महत्या








