Buy Advt. Space

एलएंडटी के सहयोग से युवाओं को निर्माण क्षेत्र में निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । लार्सन एण्ड टुब्रो (एलएंडटी) कन्स्ट्रक्शन स्किल्स ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट, पनवेल के सौजन्य से जिले के युवाओं के लिए कौशल विकास कार्यक्रम अंतर्गत निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को निर्माण क्षेत्र में रोजगार का सुनहरा अवसर मिलेगा।

विभिन्न ट्रेड में मिलेगा निःशुल्क प्रशिक्षण

इस कार्यक्रम के अंतर्गत बढ़ईगिरी, राजमिस्त्री, बार बेंडिंग एवं स्टील फिक्सिंग, इलेक्ट्रिकल, टाइलिंग तथा पाइप वेल्डिंग जैसे कोर्स में 02 माह का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण में 10वीं, 12वीं अथवा आईटीआई उत्तीर्ण युवक भाग ले सकते हैं।

प्रशिक्षण के दौरान निःशुल्क आवास एवं भोजन

सहायक संचालक, जिला कौशल विकास प्राधिकरण से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क है। प्रशिक्षण अवधि के दौरान छात्रावास में निःशुल्क आवास एवं भोजन की व्यवस्था रहेगी। उम्मीदवारों को दरी, चादर एवं अपने दैनिक उपयोग के कपड़े साथ लाने होंगे।

प्रशिक्षण उपरांत रोजगार की गारंटी

प्रशिक्षण पूर्ण करने के पश्चात उम्मीदवारों को निःशुल्क आवास सुविधा के साथ न्यूनतम 16,000 रुपये प्रतिमाह वेतन पर रोजगार का अवसर प्रदान किया जाएगा।

योग्यता एवं आयु सीमा

प्रशिक्षण हेतु उम्मीदवार की आयु 18 से 35 वर्ष के मध्य होना आवश्यक है। साथ ही न्यूनतम कद 155 सेंटीमीटर एवं वजन 45 किलोग्राम निर्धारित किया गया है।

06 फरवरी को होगी काउंसलिंग

इच्छुक हितग्राही अपने समस्त आवश्यक दस्तावेज—

  • शैक्षणिक योग्यता की अंकसूची
  • आधार कार्ड
  • जाति प्रमाण पत्र
  • निवास प्रमाण पत्र
  • पासपोर्ट साइज 04 रंगीन फोटो
  • प्रत्येक दस्तावेज की 03 सत्यापित प्रतियां

के साथ 06 फरवरी 2026 को प्रातः 10:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक
जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज, खुडटोबरा रोड, डोंगरीपारा, कोण्डागांव में उपस्थित होकर काउंसलिंग में भाग ले सकते हैं।

Leave a Comment