Buy Advt. Space

लक्ष्य निःशुल्क कोचिंग संस्थान में प्रतियोगी परीक्षाओं हेतु सफलता के गुरु मंत्र साझा

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव ।  जिला प्रशासन द्वारा जिले के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए संचालित लक्ष्य निःशुल्क कोचिंग संस्थान में अभ्यर्थियों को मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत के अकाउंट ऑफिसर श्री गुलशन कुमार ने आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता सुनिश्चित करने के प्रभावी उपायों पर अपने अनुभव साझा किए।

जिले में ही गुणवत्तापूर्ण तैयारी की सुविधा

श्री गुलशन कुमार ने अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता के लिए अब बाहरी शहरों में भटकने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि जिले में निःशुल्क संचालित इस कोचिंग संस्थान में अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन में उत्कृष्ट तैयारी कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि संस्थान से एक वर्ष के भीतर 84 अभ्यर्थियों ने विभिन्न परीक्षाओं में सफलता अर्जित की है।

इंटरनेट और AI के सदुपयोग पर जोर

मार्गदर्शन सत्र में उन्होंने आधुनिक तकनीकों के महत्व को रेखांकित करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के माध्यम से पढ़ाई को अधिक प्रभावी बनाने की सलाह दी। उन्होंने AI और क्लास नोट्स के सही उपयोग की विधियों पर भी विस्तार से जानकारी दी।

सीजीपीएससी प्रीलिम्स के लिए रिवीजन रणनीति

22 फरवरी को आयोजित होने वाली सीजीपीएससी प्रीलिम्स परीक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रभावी रिवीजन तकनीकों पर चर्चा की गई। अभ्यर्थियों को कठिन प्रश्नों को बिना घबराहट के हल करने के व्यावहारिक उपाय बताए गए, जिससे परीक्षा के दौरान आत्मविश्वास बनाए रखा जा सके।

प्रश्नोत्तर सत्र में उपयोगी सुझाव

अभ्यर्थियों के साथ आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई:

प्रश्न: पढ़ाई करते समय नींद से कैसे बचें?
उत्तर: नींद आना स्वाभाविक है। अपने लक्ष्य को सदैव ध्यान में रखें। जब सपने स्पष्ट दिखने लगते हैं, तो आलस्य स्वतः दूर हो जाता है।

प्रश्न: टाइम मैनेजमेंट कैसे करें?
उत्तर: सुव्यवस्थित टाइम टेबल बनाकर नियमित अभ्यास करें। प्रारंभिक कठिनाइयों के बाद समय प्रबंधन सरल हो जाता है।

प्रश्न: परीक्षा कक्ष में घबराहट हो तो क्या करें?
उत्तर: स्वयं पर विश्वास रखें। दो मिनट गहरी सांस लेकर मन को शांत करें और आत्मविश्वास के साथ प्रश्नपत्र हल करें।

अनुशासन और संतुलन पर विशेष बल

उन्होंने अभ्यर्थियों को बिना अलार्म के समय पर उठने की आदत विकसित करने तथा पढ़ाई के साथ जीवन में संतुलन बनाए रखने के लिए हल्के मनोरंजन को भी शामिल करने की सलाह दी।

विभिन्न भर्तियों के परीक्षा पैटर्न की जानकारी

कार्यक्रम के दौरान एसएससी जीडी एवं व्यापम द्वारा जारी विभिन्न भर्तियों के परीक्षा पैटर्न एवं तैयारी संबंधी मूल मंत्रों पर भी प्रकाश डाला गया।

संस्थान में संचालित प्रमुख कक्षाएं

गौरतलब है कि लक्ष्य निःशुल्क कोचिंग संस्थान, जिला पंचायत के पीछे, कोंडागांव में संचालित है, जहाँ वर्तमान में पीएससी, मंडी उपनिरीक्षक, परिवहन आरक्षक, एसएससी जीडी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की कक्षाएं संचालित की जा रही हैं।

Leave a Comment