पितेश्वर हरपाल कोरबा । करतला कोरबा जिले के करतला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बांधाखार में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। प्रेम विवाह के महज छह महीने बाद महिला की मौत से इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतका के मायके पक्ष ने पति पर प्रताड़ना और जबरन कीटनाशक पिलाने का गंभीर आरोप लगाया है, जबकि पति ने इन आरोपों को नकारते हुए इसे आत्महत्या बताया है।
छह महीने पहले हुआ था प्रेम विवाह

जानकारी के अनुसार, ग्राम बांधाखार निवासी जयकिशन सिदार (24) पेशे से किसान है। उसका विवाह 27 जून 2025 को खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम लोधिया निवासी मालती सिदार (23) से हुआ था। दोनों के परिवारों के बीच पहले से रिश्तेदारी और जान-पहचान थी, जिसके बाद दोनों ने प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से ही दंपती बांधाखार गांव में रह रहे थे।
कीटनाशक सेवन के बाद बिगड़ी हालत, अस्पताल में हुई मौत
बताया जा रहा है कि 16 दिसंबर की सुबह मालती सिदार ने घर में रखे कीटनाशक का सेवन कर लिया। देर शाम उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजनों को इसकी जानकारी मिली। उसे पहले करतला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर टीपी नगर स्थित एक निजी अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान 19 दिसंबर की रात उसकी मौत हो गई।
नवविवाहिता की मौत पर दंडाधिकारी जांच
घटना की सूचना अस्पताल प्रबंधन द्वारा सीएसईबी पुलिस को मेमो के जरिए दी गई। मामला नवविवाहिता की मौत से जुड़ा होने के कारण कार्यपालिक दंडाधिकारी को सूचित किया गया। इसके बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचकर कार्यपालिक दंडाधिकारी ने पुलिस की मौजूदगी में मृतका के मायके और ससुराल पक्ष के लोगों से पूछताछ की।
मायके पक्ष का आरोप—प्रताड़ना और जबरन जहर पिलाया
मृतका के मायके पक्ष ने पति जयकिशन सिदार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका की बुआ उमा सिदार ने बताया कि मालती बचपन में ही अपने माता-पिता को खो चुकी थी। शादी के कुछ दिनों बाद से ही उसका पति उसके साथ मारपीट करने लगा था। आरोप है कि जयकिशन ने उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया था।
मायके पक्ष का कहना है कि 18 दिसंबर को मालती ने फोन पर अपनी आपबीती सुनाई थी और उसने कीटनाशक सेवन से इनकार किया था, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है।
पति का पक्ष—मानसिक तनाव में उठाया कदम
वहीं पति जयकिशन सिदार ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उसका कहना है कि परिवार से अलग रहना और घरेलू परिस्थितियों के चलते मालती मानसिक तनाव में थी और उसने स्वयं कीटनाशक पी लिया। जयकिशन के अनुसार, उसने मालती को बचाने के लिए ही तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया था।
पुलिस जांच जारी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरा मामला जांच के दायरे में है।








