ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चन्द्रा के मार्गदर्शन में कोण्डागांव पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में मोबाइल टावरों से बैटरी चोरी करने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
जियो टावर से हुई थी बैटरी चोरी
दिनांक 01 फरवरी 2026 को प्रार्थी रामकुमार राय द्वारा थाना उरन्दाबेड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि 28 जनवरी 2026 को ग्राम भोगापाल स्थित जियो मोबाइल टावर से 72 नग बैटरी अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी कर ली गई है। रिपोर्ट के आधार पर थाना उरन्दाबेड़ा में अप.क्र. 01/2026 धारा 3(5), 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
साइबर सेल की मदद से खुला मामला
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कौषलेन्द्र देव पटेल के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी फरसगांव श्री अभिनव उपाध्याय तथा उप पुलिस अधीक्षक श्री नरेन्द्र पुजारी के पर्यवेक्षण में थाना उरन्दाबेड़ा एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।
साइबर सेल द्वारा टावर डाटा डम्प एनालिसिस एवं पूर्व की घटनाओं के अध्ययन के दौरान अहम सुराग मिले।
टावर इंजीनियर ही निकला मास्टरमाइंड
जांच के दौरान जियो कंपनी में कार्यरत टेक्नीशियन राघवेन्द्र साहू को घटना के समय आसपास देखा गया। पूछताछ में उसने चोरी की घटना स्वीकार करते हुए बताया कि उसने कृष्ण साहू के साथ मिलकर कई टावरों से बैटरी चोरी की और चोरी की बैटरियां समर मोहम्मद के माध्यम से आबिद मलिक को बेचीं।
रायपुर और राजनांदगांव से आरोपी गिरफ्तार
पुलिस टीम ने आरोपी समर मोहम्मद को रायपुर तथा आबिद मलिक को राजनांदगांव से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आबिद मलिक ने 72 नग बैटरी खरीदने की पुष्टि की, जिसमें से 48 नग बैटरी स्क्रैप कर बेच दी गई थीं, जबकि 24 नग बैटरी उसके पास रखी हुई थीं।
13 लाख 22 हजार की सामग्री जप्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से—
- 24 नग टावर बैटरी (कीमत ₹1,72,000)
- स्क्रैप की रकम ₹50,000
- घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन (कीमत लगभग ₹11,00,000)
इस प्रकार कुल ₹13,22,000 की सामग्री जप्त कर आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया।
इनका रहा सराहनीय योगदान
इस सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना उरन्दाबेड़ा एवं साइबर सेल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा, जिनमें निरीक्षक रोशन कौशिक, निरीक्षक सौरभ उपाध्याय सहित पूरी टीम शामिल रही।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
- राघवेन्द्र कुमार साहू, उम्र 33 वर्ष, निवासी भखारा, जिला धमतरी
- आबिद मलिक, उम्र 23 वर्ष, हाल निवासी राजनांदगांव
- समर मोहम्मद मलिक, उम्र 37 वर्ष, हाल निवासी रायपुर
- कृष्णा कुमार साहू, उम्र 33 वर्ष, निवासी भखारा, जिला धमतरी








