ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने, अपराध नियंत्रण एवं लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कोंडागांव श्री पंकज चन्द्रा (भा.पु.से.) द्वारा आज पुलिस अधिकारियों की विशेष अपराध समीक्षा बैठक (क्राइम मीटिंग) आयोजित की गई। बैठक में जिले के समस्त पुलिस अनुविभागीय अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश
क्राइम मीटिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक ने लंबे समय से लंबित अपराधों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कर शीघ्र निकालने के निर्देश दिए। उन्होंने ऐसे मामलों के निराकरण हेतु विशेष अभियान चलाने तथा लंबित समंस एवं वारंट की शत-प्रतिशत तामिली सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
फरियादियों से मित्रवत व्यवहार पर बल
पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि थानों में शिकायत लेकर आने वाले फरियादियों से संवेदनशील एवं मित्रवत व्यवहार किया जाए तथा उनकी शिकायतों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
अभियोजन अधिकारियों से समन्वय के निर्देश
अपराधों में आरोपियों को अधिक से अधिक सजा दिलाने के उद्देश्य से जिला अभियोजन अधिकारी से बेहतर समन्वय स्थापित कर मामलों का शीघ्र निराकरण करने की हिदायत दी गई। बैठक में उपस्थित अभियोजन अधिकारियों द्वारा विवेचना की बारीकियों पर भी जानकारी साझा की गई।
सामुदायिक पुलिसिंग एवं जागरूकता अभियान
जनता और पुलिस के मध्य मधुर संबंध स्थापित करने हेतु ग्रामों में चलित थाना लगाने तथा सामुदायिक पुलिसिंग के तहत साइबर क्राइम, एटीएम एवं बैंक फ्रॉड, तथा यातायात नियमों के पालन संबंधी जागरूकता अभियान सभी थाना क्षेत्रों में चलाने के निर्देश दिए गए।
विजिबल पुलिसिंग एवं सुरक्षा व्यवस्था सख्त
असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु निरंतर पेट्रोलिंग, सीमावर्ती क्षेत्रों में धान खरीदी चेक पोस्ट पर कड़ी निगरानी तथा त्योहारों के दौरान चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के आदेश भी दिए गए।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मान
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों को “कॉप ऑफ द मंथ” पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) फरसगांव श्री अभिनव उपाध्याय, थाना प्रभारी विश्रामपुरी उप निरीक्षक श्री विनोद नेताम तथा आरक्षक श्री अजरंग बघेल को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले थाना प्रभारियों को प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए गए।
वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित
क्राइम मीटिंग में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कौशलेन्द्र देव पटेल सहित समस्त राजपत्रित अधिकारी एवं जिले के सभी थाना/चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।








