Buy Advt. Space

कोण्डागांव नगर पालिका सामान्य सभा में विकास और सौंदर्यीकरण के करोड़ों प्रस्ताव पारित

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव ।  नगर पालिका परिषद कोण्डागांव के सभा कक्ष में शुक्रवार दोपहर 2:30 बजे सामान्य सभा की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल ने की। इस दौरान उपाध्यक्ष श्री जसकेतु उसेंडी, सभी पार्षदगण, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री दिनेश डे सहित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, स्वच्छता, जल संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण से जुड़े कई बड़े वित्तीय प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया।

खेल सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा

शहर में खेल अधोसंरचना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से अधोसंरचना मद अंतर्गत 195 लाख रुपये (1.95 करोड़) की लागत से मिनी स्टेडियम निर्माण के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई।

स्वच्छता व्यवस्था होगी और सुदृढ़

स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 1 करोड़ 7 लाख रुपये के बजट प्रावधान को मंजूरी दी गई, जिससे कचरा प्रबंधन व्यवस्था को आधुनिक स्वरूप मिलेगा।

तालाबों के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर

राम मंदिर तालाब एवं बंधा तालाब के संरक्षण और सौंदर्यीकरण हेतु महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सुरक्षा के लिए रेलिंग लगाने के साथ-साथ 15वें वित्त आयोग अंतर्गत 173 लाख रुपये की पेयजल एवं सफाई संबंधी नवीन स्वीकृति तथा बंधा तालाब की व्यापक सफाई एवं जीर्णोद्धार के प्रस्ताव को पारित किया गया।

आधुनिक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की तैयारी

शहर के घरों से निकलने वाले गंदे पानी के समुचित निस्तारण हेतु 12 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) की डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने का निर्णय लिया गया।

अन्य अधोसंरचनात्मक विकास कार्यों को हरी झंडी

शहर के विभिन्न अधोसंरचना विकास कार्यों के लिए 1 करोड़ 40 लाख रुपये के अतिरिक्त प्रस्तावों को भी सदन ने अपनी सहमति प्रदान की।

शहर के भविष्य के लिए मील का पत्थर

नगर पालिका प्रशासन ने बताया कि इन विकास कार्यों के पूर्ण होने से कोण्डागांव न केवल अधिक स्वच्छ और सुंदर बनेगा, बल्कि नागरिकों को आधुनिक खेल सुविधाएं एवं बेहतर जल निकासी व्यवस्था भी उपलब्ध होगी।
बैठक में उपस्थित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों ने विकास प्रस्तावों का मेज थपथपाकर स्वागत करते हुए इन्हें शहर के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

Leave a Comment