ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । नगर के बंधा तालाब गार्डन में शनिवार को आयोजित किसान मेला एवं प्रदर्शनी जिलेभर के किसानों, कृषि विशेषज्ञों और आम नागरिकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहा। मेले का शुभारंभ बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी ने किया। यह मेला रविवार तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए किसान उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
कृषि, बागवानी और पशुपालन की आधुनिक तकनीकों की जानकारी
मेले में खेती, बागवानी, पशुपालन, मत्स्य पालन एवं मुर्गी पालन से जुड़ी आधुनिक और वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी दी जा रही है। किसानों द्वारा अपने खेतों में उगाई गई फसलें, सब्जियां, फल और अन्य उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई है, जिसे देखने बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
32 किलो का देशी कद्दू बना आकर्षण का केंद्र
प्रदर्शनी का सबसे बड़ा आकर्षण ग्राम पल्ली के किसान श्री पाखलू मरकाम द्वारा लाया गया 32 किलो वजनी देशी कद्दू रहा। इस विशाल कद्दू को देखने के लिए मेले में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और यह चर्चा का विषय बना रहा।
होम गार्डनिंग और शो प्लांट के मॉडल प्रदर्शित
मेले में सब्जियों की विभिन्न किस्में, फल, फूलों की अलग-अलग प्रजातियां, शो प्लांट और होम गार्डनिंग मॉडल प्रदर्शित किए गए। इन मॉडलों के माध्यम से यह बताया गया कि किस प्रकार सीमित स्थान में आधुनिक तरीकों से घर पर ही सब्जियां और पौधे उगाए जा सकते हैं। नारियल से बने विभिन्न उत्पादों की प्रदर्शनी भी लोगों को आकर्षित करती रही।
मत्स्य और पशुपालन विभाग के स्टॉल रहे आकर्षण
मत्स्य पालन विभाग द्वारा वैज्ञानिक पद्धति से मछली पालन, मछली के साथ बतख पालन के लाभ एवं उन्नत तकनीकों की जानकारी दी गई। वहीं पशुपालन विभाग द्वारा उन्नत नस्ल के बकरे-बकरियां, कड़कनाथ मुर्गी, बतख, बटेर तथा पशुओं के चारे का प्रदर्शन कर किसानों को उपयोगी जानकारी प्रदान की गई।
जैविक खेती और आधुनिक कृषि यंत्रों का प्रदर्शन
भंडारवंडी के किसान श्री मंगलू राम कोर्राम द्वारा जैविक खेती से उत्पादित चावल, दाल की विभिन्न किस्में एवं जैविक खाद्य सामग्री प्रदर्शित की गई, जहां किसानों और आम नागरिकों की अच्छी खासी भीड़ देखी गई। इसके साथ ही कृषि में सहायक आधुनिक यंत्रों—निराई-गुड़ाई, सिंचाई एवं दवाई छिड़काव उपकरणों का भी प्रदर्शन किया गया।
बिहान समूह की महिलाओं की सक्रिय भागीदारी
मेले में बिहान समूह की कृषि सखियों द्वारा सब्जियों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और मेहनत साफ नजर आई। वहीं होम गार्डनिंग में रुचि रखने वाले नागरिकों द्वारा गमलों में उगाए गए पौधों का प्रदर्शन भी किया गया, जिससे शहरी नागरिकों को खेती से जुड़ने की प्रेरणा मिली।
विधायक और अधिकारियों ने किया किसानों को संबोधित
विधायक सुश्री लता उसेंडी ने कहा कि यह किसान मेला अभी छोटे स्तर पर आयोजित किया गया है, लेकिन भविष्य में इसे और बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा ताकि जिले के अधिक से अधिक किसानों को लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि जिले में 67 दुग्ध समितियां कार्यरत हैं, जो किसानों की प्रगति का प्रमाण है। उन्होंने किसानों को जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया और शासन की योजनाओं की जानकारी दी।
हर वर्ष होगा किसान मेला आयोजन
जिला कलेक्टर श्रीमती नुपुर राशि पन्ना ने कहा कि किसान मेला आयोजन जिले में पहला प्रयास है और इससे किसानों के अनुभव अन्य किसानों तक पहुंचेंगे। उन्होंने घोषणा की कि दिसंबर माह में पुनः किसान मेला आयोजित किया जाएगा और किसानों से अगली बार 40 किलो का कद्दू प्रदर्शनी में लाकर नया रिकॉर्ड बनाने का आह्वान किया।
जनप्रतिनिधियों और किसानों की रही बड़ी उपस्थिति
कार्यक्रम में जिला पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा, नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री जसकेतु उसेंडी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी, जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई, अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चाली ठाकुर, एसडीएम श्री अजय उराव, जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।








