ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । होली पर्व के मद्देनजर आम नागरिकों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा विशेष सघन निरीक्षण एवं नमूना जांच अभियान संचालित किया जा रहा है। यह अभियान कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के निर्देशानुसार एवं खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़ के आदेशानुसार चलाया गया।
विभिन्न प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण
अभिहित अधिकारी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, कोण्डागांव के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री संजय कुमार नन्द ने जिले के विभिन्न प्रतिष्ठानों — सुनीता होटल, मिष्ठाई होटल, संगम होटल, मिठी ट्रेडर्स, साहू होटल एवं सोम किराना स्टोर — का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था, भंडारण की स्थिति, उपयोग में लाए जा रहे तेल की गुणवत्ता, निर्माण एवं समाप्ति तिथि तथा लाइसेंस एवं पंजीयन की वैधता की गहन जांच की गई।
15 नमूने परीक्षण हेतु भेजे गए
जांच के दौरान आटा, सूजी, बेसन, नमकीन, सोयाबीन तेल तथा विभिन्न प्रकार की मिठाइयों के कुल 15 नमूने विधिवत संकलित कर सीलबंद किए गए। इन नमूनों को परीक्षण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है।
रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद के प्रावधानों के तहत नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
स्वच्छता सुधार के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों को स्वच्छता मानकों में सुधार, खाद्य सामग्री को ढककर सुरक्षित रखने, बासी एवं एक्सपायरी उत्पादों का विक्रय न करने तथा स्वच्छ तेल के उपयोग के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए। खाद्य व्यवसाय संचालकों को त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत भी दी गई।
अभियान रहेगा जारी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी एवं अस्वच्छ खाद्य सामग्री के विरुद्ध यह विशेष अभियान निरंतर जारी रहेगा, ताकि आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।








