ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । नव वर्ष के अवसर पर वन मंत्री श्री केदार कश्यप के निर्देशानुसार तथा प्रधान मुख्य वनसंरक्षक एवं वन बल प्रमुख, छत्तीसगढ़ के मार्गदर्शन में मंगलवार को वनमण्डल कोण्डागांव अंतर्गत 202 वन प्रबंधन समितियों की बैठक आयोजित की गई।
नव वर्ष की शुभकामनाओं के साथ बैठक की शुरुआत
बैठक में उपस्थित समिति सदस्यों द्वारा सर्वप्रथम एक-दूसरे को नव वर्ष की शुभकामनाएं दी गईं। इसके पश्चात लाभांश राशि, अग्नि सुरक्षा, वनों की सुरक्षा एवं कूप विदोहन से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा सदस्यों द्वारा अपने सुझाव प्रस्तुत किए गए।
अवैध कटाई और अतिक्रमण पर रोक पर जोर
बैठक के दौरान अवैध कटाई एवं वन भूमि पर अतिक्रमण की रोकथाम को लेकर गंभीर चर्चा हुई। वनों को आग से बचाने, अवैध कटाई रोकने एवं अतिक्रमण पर सख्ती से नियंत्रण रखने हेतु आवश्यक उपायों पर विचार-विमर्श किया गया।
वन एवं वन्यजीव संरक्षण पर सामूहिक सहमति
सभी उपस्थित सदस्यों ने वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा स्थानीय लोगों को वन संरक्षण के प्रति जागरूक करने पर एकमत से सहमति व्यक्त की। वनों को किसी भी परिस्थिति में नुकसान न पहुंचाने की अपील की गई।
आने वाली पीढ़ियों के लिए वन संरक्षण आवश्यक
बैठक में यह संदेश दिया गया कि वन हमारे जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। आने वाली पीढ़ियों के लिए वनों का संरक्षण करना जरूरी है ताकि उन्हें ऑक्सीजन एवं वन संपदा का लाभ निरंतर मिलता रहे।
वन प्रबंधन समिति को सशक्त बनाने पर बल
वन प्रबंधन समितियों को मजबूत बनाने तथा समिति के प्रति आमजन का विश्वास बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया, जिससे स्थानीय लोगों को स्वरोजगार एवं वन संसाधनों का लाभ मिल सके।
वन सुरक्षा के लिए लिया गया संकल्प
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से वनों को आग से बचाने, अवैध कटाई एवं अतिक्रमण रोकने हेतु दृढ़ संकल्प लिया।








