Buy Advt. Space

कलेक्टर-एसपी बैठक, शांतिपूर्ण होली मनाने के निर्देश जारी

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना एवं पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चन्द्रा ने होली पर्व तथा जिले के अन्य महत्वपूर्ण विषयों को लेकर जिला कार्यालय में बैठक आयोजित की। बैठक में नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष श्री नरपति पटेल सहित विभिन्न समाजों के प्रमुखजन उपस्थित रहे।

सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण होली की अपील

बैठक में अधिकारियों ने सभी नागरिकों से होली पर्व को सौहार्दपूर्ण, शालीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की। स्पष्ट किया गया कि किसी को भी जबरदस्ती रंग न लगाया जाए और त्योहार की गरिमा बनाए रखी जाए।

आपातकालीन सेवाओं के आसपास हुड़दंग पर रोक

कलेक्टर एवं एसपी ने निर्देश दिए कि मेडिकल स्टोर, अस्पताल एवं पेट्रोल पंप जैसी आवश्यक सेवाओं के आसपास किसी प्रकार का हुड़दंग न हो। साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने, जबरदस्ती रंग डालने, महिलाओं एवं बच्चों से अभद्रता करने, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तथा सड़कों पर अवरोध उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

सोशल मीडिया और डीजे पर निगरानी

बैठक में यह भी कहा गया कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट न की जाए तथा तेज आवाज में डीजे बजाकर शांति भंग न किया जाए। कानून-व्यवस्था बनाए रखने में आमजन से सहयोग की अपील की गई।

यातायात नियमों का कड़ाई से पालन

त्योहार के दौरान यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने हेतु प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

अन्य अधिकारी भी रहे उपस्थित

इस अवसर पर श्री दीपेश अरोरा, अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चाली ठाकुर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चन्द्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment