ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । जनगणना-2027 के प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सोमवार को समापन हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सहभागिता की।
कलेक्टर ने गंभीरता से प्रशिक्षण लेने पर दिया जोर
प्रशिक्षण के समापन अवसर पर कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनगणना कार्य को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ प्रशिक्षण ग्रहण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना का कार्य पूरी पारदर्शिता एवं सटीकता के साथ संपन्न होना चाहिए।
मास्टर ट्रेनर्स ने दी विस्तृत जानकारी
जनगणना निदेशालय रायपुर से आए मास्टर ट्रेनर हिरेन्द्र कुमार सिन्हा द्वारा जनगणना के प्रथम चरण—मकान सूचीकरण एवं मकान गणना—से संबंधित चरणबद्ध और विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण में फील्ड स्तर पर कार्यप्रणाली और तकनीकी पहलुओं पर विशेष फोकस रहा।
01 मई से 30 मई तक चलेगा प्रथम चरण
प्रशिक्षण में बताया गया कि जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य 01 मई से 30 मई 2026 तक किया जाएगा। इस अवधि में निर्धारित प्रारूप के अनुसार डाटा संकलन किया जाएगा।
डिजिटल माध्यम से होगा डाटा संकलन
इस बार जनगणना में डाटा संकलन पूर्णतः डिजिटल माध्यम से किया जाएगा। अधिकारियों को एचएलओ मोबाइल एप के माध्यम से डाटा प्रविष्टि, फील्ड डाटा कलेक्शन, तथा तकनीकी प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से प्रशिक्षित किया गया।
दायित्वों और समस्याओं के समाधान पर चर्चा
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान चार्ज अधिकारियों के दायित्व, फील्ड में आने वाली संभावित समस्याएं एवं उनके समाधान के उपायों पर भी विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया, ताकि कार्य के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
अधिकारी-कर्मचारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर अपर कलेक्टर चित्रकांत चाली ठाकुर, एसडीएम अजय उरांव, अश्वन पुसाम, आकांक्षा नायक, सहित तहसीलदार, सीएमओ एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।








