Buy Advt. Space

कोंडागांव में बंजारा समाज ने संत सेवालाल जयंती भव्य रूप मनाई धूमधाम

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। जिला मुख्यालय कोंडागांव के चौपाटी मैदान में बंजारा समाज द्वारा संतश्री सेवालाल महाराज की 287वीं जयंती महोत्सव बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। समाज द्वारा यह जयंती लगातार दसवीं बार भव्य रूप में आयोजित की गई, जिसमें महिला-पुरुषों, युवाओं और बच्चों की भारी सहभागिता रही।

भव्य कलश शोभायात्रा ने खींचा सबका ध्यान
कार्यक्रम की शुरुआत समाज की महिलाओं द्वारा कलश यात्रा और पुरुषों, बच्चों व युवाओं द्वारा हाथों में झंडियां लेकर निकाली गई विशाल शोभायात्रा से हुई। शोभायात्रा शहर के मुख्य मार्गों से नगर भ्रमण करते हुए सेवालाल चौक पहुँची, जहाँ सामाजिक रीति-रिवाजों के साथ संत सेवालाल महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान कढ़ाव प्रसाद अर्पित कर समाजजनों में वितरित किया गया।

अतिथियों का पारंपरिक स्वागत, दीप प्रज्वलन से शुभारंभ
शोभायात्रा के पश्चात चौपाटी मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में बस्तर सांसद , कोंडागांव विधायक , नगर पालिका परिषद अध्यक्ष नरपति पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों का समाजजनों द्वारा पारंपरिक स्वागत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ समाज प्रमुखों की उपस्थिति में संत सेवालाल एवं मेरामा (जगदंबा भवानी) की प्रतिमाओं पर दीप प्रज्वलन और पूजा-अर्चना के साथ हुआ।

सामाजिक भवनों के लिए रखी गई मांगें
समारोह के दौरान समाज के जिला अध्यक्ष सुखिया राम चौहान ने सांसद से नवीन बंजारा भवन के बाउंड्री वाल हेतु 10 लाख रुपये तथा विधायक से सामाजिक भवन में शेड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की मांग रखी।

‘बंजारा समाज की संस्कृति विश्व प्रसिद्ध’ – सांसद
अपने उद्बोधन में सांसद महेश कश्यप ने कहा कि बंजारा समाज की संस्कृति विश्व में प्रसिद्ध है। उन्होंने समाज में एकता बनाए रखने और बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की बात कही। सांसद ने आश्वासन दिया कि नियमों के अनुरूप समाज की मांगों को प्राथमिकता दी जाएगी।

‘देश की प्रगति में बंजारा समाज का योगदान’ – विधायक
विधायक लता उसेंडी ने समाज को संबोधित करते हुए कहा कि देश की प्रगति में हर समाज का योगदान है, जिसमें बंजारा समाज की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने संत सेवालाल महाराज के आदर्शों और शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया।

सम्मान एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा मंच
कार्यक्रम के समापन अवसर पर अतिथियों को संत सेवालाल जी का प्रतीक चिन्ह भेंट किया गया तथा मीडिया से जुड़े पत्रकारों का सम्मान किया गया। मंच पर समाज की संस्कृति को दर्शाती आकर्षक प्रस्तुतियाँ दी गईं, वहीं नन्हे-मुन्ने बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। कर्मचारियों एवं व्यवसायिक जनों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।

प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर बंजारा समाज के प्रदेश अध्यक्ष अजय नायक, महिला प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष ललिता भारद्वाज, विष्णु नायक, मोहन भारद्वाज, जीतेन्द्र सुराना, नामेश देवांगन सहित समाज के अनेक पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

Leave a Comment