Buy Advt. Space

बंधा तालाब में पूर्व सैनिकों ने चलाया स्वच्छता अभियान, युवाओं की भागीदारी

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद कोंडागाँव द्वारा रविवार को बंधा तालाब परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में पूर्व सैनिकों के साथ निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण ले रहे युवक-युवतियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

हर रविवार जारी रहता है स्वच्छता अभियान

परिषद द्वारा नगर में नियमित रूप से प्रत्येक रविवार स्वच्छता गतिविधियाँ संचालित की जाती हैं। इसी क्रम में आयोजित इस अभियान में मुख्य नगरपालिका अधिकारी दिनेश डे के मार्गदर्शन में तालाब से जलकुंभियों को निकालकर सफाई की गई।

युवाओं को स्वच्छता का महत्व बताया गया

बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि साफ-सफाई जीवन का एक महत्वपूर्ण पहलू है और इसे प्राथमिकता देना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि स्वच्छता से अनेक समस्याओं और बीमारियों से बचाव संभव है।

जिला अध्यक्ष सूरज यादव ने कहा कि स्वच्छता का अर्थ है सफाई से रहने की आदत, जिससे न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि तन और मन दोनों में सकारात्मकता बनी रहती है।

स्वच्छता के नारों से गूंजा परिसर

अभियान के दौरान प्रतिभागियों ने “स्वच्छ कोंडागांव–सुंदर कोंडागांव”, “स्वच्छ भारत–सुंदर भारत”, तथा “मेरा शहर मेरी जिम्मेदारी” जैसे प्रेरक नारे लगाए। कार्यक्रम का समापन देशभक्ति के नारों के साथ हुआ।

70 से अधिक युवा हुए शामिल

अभियान में परिषद के सरंक्षक एवं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा, जिला अध्यक्ष सूरज यादव, उपाध्यक्ष अजनेर लकड़ा, पूर्व सैनिक राकेश धीवर सहित निःशुल्क सैन्य प्रशिक्षण ले रहे लगभग 70 युवक एवं युवतियाँ उपस्थित रहे। यह पहल नगर में स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता का सकारात्मक संदेश देती है।

Leave a Comment