ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । कोण्डागांव का पारंपरिक वार्षिक मेला (मड़ई) प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 24 फरवरी से 01 मार्च 2026 तक पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं गरिमा के साथ आयोजित किया जाएगा। मेला आयोजन को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
कलेक्टर और एसपी ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना एवं पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चन्द्रा ने की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को मेला आयोजन से संबंधित जिम्मेदारियां सौंपते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया।
रात 10 बजे तक ही होगा मेला आयोजन
बैठक में निर्णय लिया गया कि मेला आयोजन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम रात्रि 10 बजे तक ही संपन्न होंगे। ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग की भी अनुमति रात 10 बजे तक सीमित रहेगी। कोलाहल अधिनियम का उल्लंघन करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
यातायात, पार्किंग और सुरक्षा पर विशेष ध्यान
मेला अवधि के दौरान सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु भारी वाहनों को बायपास मार्ग से आवागमन कराने पर चर्चा की गई।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत मंडी के पास, किशोर टॉकीज के पास एवं अन्य उपयुक्त स्थलों पर बेरिकेटिंग एवं पार्किंग व्यवस्था करने तथा आवश्यक पार्किंग एडवाइजरी जारी करने के निर्देश दिए गए।
निशा जतरा और देवी परिक्रमा को लेकर निर्देश
बैठक में बताया गया कि 23 फरवरी की रात्रि आयोजित होने वाले निशा जतरा कार्यक्रम के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। वहीं 24 फरवरी को देवी परिक्रमा मार्ग को सुव्यवस्थित रखने एवं साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभागीय प्रदर्शनी
मेला की परंपरा अनुसार 25 फरवरी को एनसीसी ग्राउंड में देवी आगमन होगा।
26 फरवरी से 28 फरवरी तक एनसीसी ग्राउंड में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाओं का दायित्व सहायक आयुक्त आदिवासी विभाग को सौंपा गया।
साथ ही 25 से 28 फरवरी तक विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
स्वास्थ्य, पुलिस और मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था
मेले के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा एंबुलेंस एवं चिकित्सकों की टीम तैनात की जाएगी।
पुलिस विभाग द्वारा कंट्रोल रूम एवं सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
इसके अलावा विद्युत, पेयजल, शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।
जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल, उपाध्यक्ष श्री जसकेतु उसेण्डी, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री टोमेन्द्र ठाकुर, अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चाली ठाकुर, नगर पालिका सीएमओ श्री दिनेश डे, मेला आयोजन समिति के पदाधिकारी, पार्षदगण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








