ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । जिले में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह पूरे उत्साह, गरिमा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित विकास नगर स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली।
मुख्य अतिथि ने किया परेड का निरीक्षण
ध्वजारोहण के पश्चात विधायक सुश्री उसेंडी ने कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना एवं पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा के साथ परेड का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उत्साह के प्रतीक तीन रंगों के गुब्बारे आकाश में छोड़े गए।
समारोह में अर्द्धसैनिक बल, जिला पुलिस बल, नगर सेना, एनसीसी एवं एनएसएस के कैडेटों ने अनुशासन और देशभक्ति के जज्बे के साथ आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री का संदेश किया गया वाचन
मुख्य अतिथि विधायक सुश्री लता उसेंडी ने जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के जनता के नाम संदेश का वाचन किया। उन्होंने शहीद जवानों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित भी किया।
परेड कमांडरों से लिया परिचय
इस दौरान मुख्य अतिथि ने परेड कमांडर उप पुलिस अधीक्षक श्री सतीश भार्गव, सेकेंड इन कमांडर एएसआई श्री दिनेश डहरिया, आईटीबीपी 29वीं व 41वीं बटालियन, जिला पुलिस बल (पुरुष एवं महिला), नगर सेना, एनसीसी एवं एनएसएस के प्लाटून कमांडरों से परिचय प्राप्त किया।
जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे उपस्थित
समारोह में पूर्व विधायक श्री सेवक राम नेताम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी, नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल, उपाध्यक्ष श्री जसकेतु उसेंडी, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता कोर्राम सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल के अधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
छात्र-छात्राओं ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
गणतंत्र दिवस समारोह में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा व्यायाम प्रदर्शन एवं मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। देशभक्ति और विविध भारतीय संस्कृति पर आधारित इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं परेड में विजेता घोषित
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में—
- जवाहर नवोदय विद्यालय, कोण्डागांव की महिला क्रिकेट टीम की वर्ल्ड कप जीत पर आधारित प्रस्तुति को प्रथम पुरस्कार,
- स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, जामकोट पारा की “ऑपरेशन सिंदूर” प्रस्तुति को द्वितीय पुरस्कार,
- शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कोण्डागांव की लोकगीत प्रस्तुति को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।
परेड प्रदर्शन में—
- आईटीबीपी 29वीं बटालियन प्रथम,
- जिला पुलिस बल (पुरुष) द्वितीय,
- नगर सेना महिला तृतीय स्थान पर रही।
जूनियर वर्ग में एनसीसी बालक प्रथम, एनसीसी बालिका द्वितीय एवं एनएसएस बालक तृतीय स्थान पर रहे।
विभागीय झांकियां रहीं आकर्षण का केंद्र
समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं। इनमें शिक्षा विभाग की झांकी को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ।
इसके साथ ही विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।








