छत्तीसगढ़ । छत्तीसगढ़ कैडर के तेजतर्रार और कर्तव्यनिष्ठ आईपीएस अधिकारी जितेंद्र शुक्ला को केंद्र सरकार ने एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) में पुलिस अधीक्षक (SP) के पद पर तैनात किया गया है। इस संबंध में केंद्र सरकार द्वारा औपचारिक आदेश जारी कर दिया गया है।
वर्तमान में वे जगदलपुर बटालियन के कमांडेंट के रूप में पदस्थ थे। अपने सेवाकाल में आईपीएस जितेंद्र शुक्ला ने सुकमा, महासमुंद, दुर्ग, राजनांदगांव और कोरबा जैसे संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में प्रभावी सेवाएं दी हैं। नक्सल प्रभावित और चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में उनके नेतृत्व और कार्यशैली को विशेष रूप से सराहा गया है।
केंद्रीय सुरक्षा एजेंसी NSG में उनकी नियुक्ति को छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है। यह तैनाती केंद्र सरकार द्वारा उनकी कार्यकुशलता, नेतृत्व क्षमता और प्रशासनिक दक्षता पर जताए गए भरोसे के रूप में देखी जा रही है।
छत्तीसगढ़ कैडर के एक और अधिकारी का राष्ट्रीय स्तर पर चयन प्रदेश की पुलिस व्यवस्था की मजबूत कार्यसंस्कृति और क्षमता को भी उजागर करता है।
छत्तीसगढ़ के तेजतर्रार IPS जितेंद्र शुक्ला को NSG में SP पद की जिम्मेदारी








