Buy Advt. Space

धान कटाई के दौरान खेत में मिला वृद्ध का मानव कंकाल

By

सूरजपुर (छत्तीसगढ़): जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां खेत में धान कटाई के दौरान मानव कंकाल मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के कोट गांव की है। जानकारी के अनुसार, 5 नवंबर को खेत में काम कर रहे किसानों ने धान की फसल के बीच एक कंकाल देखा और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और कंकाल को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच के दौरान कंकाल की पहचान 80 वर्षीय भिखम के रूप में हुई, जो पिछले चार महीने से लापता था। पुलिस ने बताया कि कंकाल पर वही अंडरवियर और बनियान थी, जो भिखम ने लापता होने के दिन पहनी थी, जिससे पहचान की पुष्टि हुई।

प्राथमिक जांच में अनुमान लगाया गया है कि वृद्ध शौच के लिए खेत की ओर गया होगा, जहां उसकी प्राकृतिक मृत्यु हो गई। लंबे समय तक शव वहीं पड़ा रहने के कारण शरीर सड़-गलकर कंकाल में बदल गया। पुलिस ने यह भी बताया कि मृतक का कोई सगा परिजन नहीं था, जिसके कारण उसकी गुमशुदगी को लेकर कोई विशेष खोजबीन नहीं की गई थी।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर दहशत का माहौल है और पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

Leave a Comment