ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना के निर्देशन तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रेनू प्रकाश, महिला एवं बाल विकास विभाग के मार्गदर्शन में संपूर्णता अभियान के अंतर्गत जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण दिवस (VHSND) का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से गर्भवती महिलाओं, बच्चों एवं परिवारों को स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता से संबंधित आवश्यक सेवाएं प्रदान की गईं।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान
ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस के दौरान गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच (एएनसी), बच्चों का टीकाकरण, बच्चों के विकास की निगरानी, स्वास्थ्य परीक्षण तथा पोषण संबंधी परामर्श जैसी सेवाएं प्रदान की गईं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कुपोषण को कम करना और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार लाना रहा।
जिलेभर के आंगनबाड़ी केंद्रों में हुआ आयोजन
यह कार्यक्रम हर माह के गुरुवार को आयोजित किया जाता है। इस बार जिले के 1834 आंगनबाड़ी केंद्रों में कुल 3491 सामुदायिक आधारित कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं 1769 स्थानों पर ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस का आयोजन किया गया।
हजारों लोगों ने लिया लाभ
मैदानी क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में 6604 स्थानों पर 44,524 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान 18,434 हितग्राहियों का टीकाकरण भी किया गया।
विभागों के समन्वय से हुआ सफल आयोजन
इस कार्यक्रम का संचालन महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से किया गया। कार्यक्रम में जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ता, पर्यवेक्षक, स्वास्थ्य कर्मी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।








