ब्यूरो नूतन साहू गरियाबंद। कलेक्टर बीएस उइके ने समग्र शिक्षा के क्रियान्वयन में शिथिलता और कई शिकायतों के आधार पर छुरा विकासखंड के ब्लॉक रिसोर्स कोऑर्डिनेटर (BRC) हरीश कुमार देवांगन को पद से हटा दिया है। उन्हें फिंगेश्वर विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परसदाकला में पदस्थ किया गया है। आदेश में उल्लेख है कि देवांगन की कार्यशैली को लेकर संकुल समन्वयकों द्वारा कई शिकायतें प्राप्त हुई थीं। साथ ही गिरदावली जैसे शासन के महत्वपूर्ण कार्य में लापरवाही भी पाई गई।
कलेक्टर ने इस मामले में संकुल समन्वयकों द्वारा की गई शिकायतों की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की है। समिति में तहसीलदार गैंदलाल साहू, बीईओ किशुन लाल मतावले और सेजेस के प्राचार्य नेमीचंद साहू शामिल हैं। यह समिति पांच दिनों के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि समग्र शिक्षा मिशन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को समय पर कार्य पूर्ण करने और जिम्मेदारीपूर्वक दायित्व निर्वहन के निर्देश दिए गए हैं।
छुरा BRC हरीश देवांगन पद से हटाए गए, कलेक्टर ने जांच समिति गठित कर दी








