Buy Advt. Space

एकलव्य विद्यालय शामपुर में स्मार्ट क्लास व सभाकक्ष का उद्घाटन

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय शामपुर में शुक्रवार को कलेक्टर ने स्मार्ट क्लास एवं नवनिर्मित सभाकक्ष का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर उत्साह का माहौल रहा।

एसएमसी बैठक में शैक्षणिक व्यवस्थाओं की समीक्षा

उद्घाटन उपरांत कलेक्टर की अध्यक्षता में स्कूल मैनेजमेंट कमेटी (एसएमसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय के प्राचार्य द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन में पाठ्य सामग्री, प्रतिमाह दी जाने वाली आवश्यक वस्तुएं, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, सिलेबस की प्रगति तथा बोर्ड परीक्षाओं की विशेष तैयारियों की जानकारी दी गई।

विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष जोर

कलेक्टर श्रीमती पन्ना ने विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा का दबाव छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकता है, इसलिए समय-समय पर काउंसलिंग आवश्यक है। साथ ही सिलेबस समय पर पूर्ण करने और नियमित शैक्षणिक निगरानी पर भी बल दिया।

स्वास्थ्य परीक्षण नियमित कराने के निर्देश

बैठक में छात्रों के स्वास्थ्य की समुचित निगरानी हेतु एचबी (हीमोग्लोबिन) टेस्ट नियमित रूप से कराने के निर्देश भी दिए गए, जिससे विद्यार्थियों की सेहत बेहतर बनी रहे।

आधुनिक सुविधाओं से सीखने की क्षमता में वृद्धि

कलेक्टर ने स्मार्ट क्लास जैसी आधुनिक सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों की समझ और सीखने की क्षमता में वृद्धि होगी तथा वे प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर ढंग से तैयार हो सकेंगे।

कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष सहायता

विद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होने वाले विद्यार्थियों के लिए नियमित शैक्षणिक मार्गदर्शन के साथ-साथ मेंटल हेल्थ काउंसलिंग की व्यवस्था की जा रही है। कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उनके लिए अतिरिक्त कक्षाएं, व्यक्तिगत मार्गदर्शन एवं विशेष शैक्षणिक सहायता प्रदान की जा रही है।

अधिकारी, शिक्षक एवं पालक रहे उपस्थित

कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी , आदिम जाति विकास विभाग के अधिकारी कृपेंद्र तिवारी, विद्यालय के शिक्षकगण एवं पालकगण उपस्थित रहे।

Leave a Comment