दुर्ग। जिले के पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम राखी में गुरुवार सुबह एक तालाब में युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने पानी में तैरता शव देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पाटन पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। जांच के दौरान मृतक की पहचान सूरज दास मानिकपुरी (26 वर्ष) निवासी सेजबहार, रायपुर के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि सूरज दास मानिकपुरी होली का त्योहार मनाने अपने ससुराल ग्राम राखी आया हुआ था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, होली खेलने के बाद वह तालाब में नहाने गया था, जहां संभवतः गहरे पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई।
फिलहाल पाटन पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
दुर्ग न्यूज : तालाब में मिला युवक का शव, होली मनाने ससुराल आया था








