
दुर्ग। पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज श्री रामगोपाल गर्ग की अध्यक्षता में आज दुर्ग रेंज कार्यालय के सभागार में रेलवे सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण रेंज स्तरीय संयुक्त बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिला पुलिस, GRP और RPF के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्य उद्देश्य रेलवे स्टेशनों एवं परिसर में यात्रियों की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और उभरती आपराधिक चुनौतियों के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करना था।
रेलवे परिसर की सुरक्षा प्राथमिकता
आईजी श्री गर्ग ने कहा कि रेलवे स्टेशन और परिसर की सुरक्षा यात्री विश्वास से सीधे जुड़ी है। उन्होंने GRP-RPF-जिला पुलिस के बीच तालमेल और संयुक्त कार्रवाई पर विशेष बल दिया।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि स्टेशन परिसर, टिकट काउंटर, प्लेटफॉर्म एवं रेलवे पार्किंग में नियमित संयुक्त चेकिंग की जाएगी।
सशक्त ऐप व त्रिनयन ऐप के उपयोग पर जोर
आईजी ने निर्देश दिए कि संदिग्ध वाहनों की जांच के लिए सशक्त ऐप एवं निगरानी और लोकेशन ट्रैकिंग के लिए त्रिनयन ऐप का अधिकतम उपयोग किया जाए। साथ ही साइबर प्रहरी के माध्यम से यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों में जागरूकता बढ़ाई जाएगी।
मानव तस्करी और ड्रग ट्रैफिकिंग पर विशेष निगरानी
बैठक में मानव तस्करी एवं मादक पदार्थ तस्करी को गंभीर चुनौती मानते हुए सभी एजेंसियों को संयुक्त कार्रवाई, विशेष निगरानी और लगातार चेकिंग के निर्देश दिए गए।
यह भी रेखांकित किया गया कि कई अपराधी भागने के लिए रेलवे मार्ग का उपयोग करते हैं, इसलिए ट्रैक-बेस्ड मॉनिटरिंग और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को मजबूत किया जाएगा।
संयुक्त मॉक ड्रिल और साइबर जागरूकता कार्यक्रम
बैठक में यह सहमति बनी कि RPF-GRP एवं जिला पुलिस मिलकर
🔹 संदिग्ध व्यक्तियों की स्क्रीनिंग
🔹 प्लेटफॉर्म एवं टिकट क्षेत्र की निगरानी
🔹 BDS टीम के साथ मॉक ड्रिल
🔹 साइबर अपराध रोकथाम जागरूकता कार्यक्रम
नियमित रूप से आयोजित करेंगे।
नशे के आदी व्यक्तियों को चिन्हित कर उन्हें नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र भेजने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
बैठक में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे
- पुलिस अधीक्षक GRP – श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा
- अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दुर्ग – श्री अभिषेक झा
- अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बालोद – श्रीमती मोनिका ठाकुर (ऑनलाइन)
- डीएसपी – श्रीमती शिल्पा साहू, श्री एस.एन. अख्तर
- प्रभारी RPF दुर्ग – श्री संजीव कुमार सिन्हा
- प्रभारी RPF भिलाई-3 – श्री मनीष कुमार
- प्रभारी जीआरपी चौकी दुर्ग – श्री राजेश मिश्रा
- पीआरओ दुर्ग रेंज – श्री प्रशांत कुमार शुक्ला, श्री अभिषेक यादव
सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।








