दुर्ग। रेलवे में पक्की नौकरी दिलाने का झांसा देकर 7 लाख रुपए की ठगी करने वाले महिला समेत दो आरोपियों को छावनी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी मध्य प्रदेश के रीवा में छिपे हुए थे, जहां से पुलिस ने दबिश देकर उन्हें पकड़ा और भिलाई लाया। पूछताछ में दोनों ने ठगी की बात स्वीकार कर ली है।
पुलिस के अनुसार, प्रगति नगर कैंप-1 भिलाई निवासी सरोज पटेल (43) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि पायल पांडे और सिद्धुमन उर्फ लाल पांडे ने उनके बेटे पीयूष को रेलवे में पक्की नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया था। आरोपियों ने रेलवे विभाग में ऊंचे संपर्क होने का दावा करते हुए अलग-अलग किस्तों में कुल 7 लाख रुपए ले लिए।
काफी समय बीत जाने के बाद भी जब नौकरी नहीं लगी तो पीड़ित परिवार को संदेह हुआ। पैसे वापस मांगने पर आरोपी टालमटोल करते रहे और बाद में संपर्क भी बंद कर दिया। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत की।
मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई तो पता चला कि दोनों आरोपी रीवा (मध्य प्रदेश) में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान नगद राशि और लेन-देन से जुड़े दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या आरोपियों ने अन्य लोगों के साथ भी इसी तरह की ठगी की है। यदि अन्य पीड़ित सामने आते हैं तो मामले में अतिरिक्त धाराएं जोड़ी जा सकती हैं। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी है।
क्राइम;दुर्ग में रेलवे नौकरी के नाम पर 7 लाख की ठगी, महिला समेत 2 आरोपी रीवा से गिरफ्तार








