Buy Advt. Space

डुंडेरा की बेटी खुशी का राष्ट्रीय क्रिकेट चयन, कल होगा शनि मंदिर में स्वागत

By

दुर्ग। डुंडेरा गांव की होनहार बेटी खुशी ने क्रिकेट के मैदान में शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता (अंडर-19 बालिका वर्ग) में चयनित होकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। खुशी की इस उपलब्धि पर गांव में हर्ष और गौरव का माहौल है।

क्षेत्रीय प्रतियोगिता में दुर्ग संभाग का प्रतिनिधित्व करते हुए खुशी ने 4 लीग मैचों में कुल 6 विकेट लिए। बस्तर संभाग के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने अकेले 5 विकेट झटककर अपनी गेंदबाज़ी का लोहा मनवाया। उनके इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है।

खुशी वर्तमान में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, डुंडेरा में कक्षा 12वीं की छात्रा हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उनके माता-पिता, विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने उन्हें पूरा सहयोग दिया। विद्यालय द्वारा खेल किट भी उपलब्ध कराई गई।

राष्ट्रीय स्तर पर चयन होने के बाद अब खुशी के सम्मान में भव्य स्वागत कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम कल सुबह 10:00 बजे शनि देव मंदिर, डुंडेरा में आयोजित होगा।


यह स्वागत कार्यक्रम विधायक ललित चंद्राकर के दिशा-निर्देश पर विधायक प्रतिनिधि गोविंद राम साहू के नेतृत्व में संपन्न होगा।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक, खिलाड़ी, ग्रामीणजन एवं युवा बड़ी संख्या में शामिल होकर खुशी का उत्साहवर्धन करेंगे। सभी ने खुशी के उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की कामना की है।

Leave a Comment