
डौंडीलोहारा। डौंडीलोहारा क्षेत्र के जंगल में महिला का शव मिलने के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज हत्या का खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी युवक महिला के साथ बीते पांच वर्षों से प्रेम-संबंध में था और उससे शादी करना चाहता था। महिला के इनकार और आपसी शक के चलते आरोपी ने उसकी पत्थर मारकर हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार, 24 जनवरी की दोपहर ग्रामीणों को जंगल से तेज दुर्गंध आने पर संदेह हुआ। सूचना पर पहुंची डौंडीलोहारा पुलिस ने जंगल से एक महिला का शव बरामद किया। महिला की कलाई पर बने “KL” टैटू के आधार पर पहचान की कोशिश की गई। बाद में मृतिका की पहचान कमला राजपूत के रूप में उसके भाई ने की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी योगेश पटेल के निर्देश पर तीन विशेष जांच टीमें गठित की गईं। कॉल डिटेल, लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध नेमीचंद को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती के बाद उसने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह नशे की हालत में था और लंबे समय से शक के चलते दोनों के बीच विवाद चल रहा था। वह कमला से शादी करना चाहता था, लेकिन उसके इनकार से नाराज होकर उसने हत्या कर दी।
फिलहाल पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है और मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है।








