ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं कार्यों में अपेक्षित गति लाने के निर्देश दिए।
डेफ एवं इनऑपरेटिव खातों पर सख्ती
बैठक के दौरान कलेक्टर ने ऐसे शासकीय डेफ एवं इनऑपरेटिव खातों, जिनकी राशि अब तक शासकीय कोष में जमा नहीं कराई गई है, उन्हें लेकर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित समय-सीमा में राशि जमा नहीं करने पर संबंधित अधिकारियों के वेतन पर रोक लगाई जाएगी।
उल्लेखनीय है कि 10 वर्ष से अप्रचलित डेफ अकाउंट एवं 2 वर्ष से निष्क्रिय इनऑपरेटिव अकाउंट की राशि नियमानुसार चालान के माध्यम से शासकीय कोष में जमा की जानी है। खाताधारक आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर अपनी राशि पुनः प्राप्त कर सकते हैं।
धान खरीदी और उठाव में तेजी के निर्देश
कलेक्टर ने धान खरीदी कार्यों की समीक्षा करते हुए धान उठाव की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि भंडारण एवं भुगतान से जुड़ी समस्याओं से बचा जा सके।
शिक्षा विभाग: आधार व अपार आईडी पंजीयन पर जोर
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सभी विद्यार्थियों का आधार कार्ड पंजीयन सुनिश्चित करने एवं अपार आईडी पंजीयन में तेजी लाने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग: संस्थागत प्रसव व टीकाकरण पर फोकस
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने स्वास्थ्य केन्द्रों में संस्थागत प्रसव सुविधाएं बढ़ाने पर जोर दिया, जिससे जिला अस्पताल पर दबाव कम हो सके।
साथ ही यू-विन पोर्टल में टीकाकरण की एंट्री अनिवार्य करने तथा आयुष्मान भारत वय वंदन योजना की प्रगति की भी समीक्षा की।
महिला एवं बाल विकास योजनाओं की समीक्षा
महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, टीएचआर सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी आंगनबाड़ी भवनों में विद्युतीकरण, शौचालय एवं पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अन्य प्रमुख योजनाओं की स्थिति
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, जल जीवन मिशन सहित अन्य शासकीय योजनाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई, अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चार्ली ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








