Buy Advt. Space

वेतनवृद्धि की मांग पर सहकारी बैंक कर्मियों ने खोला मोर्चा

By

ब्यूरो नूतन साहू गरियाबंद। वेतनवृद्धि को लेकर सहकारी बैंक के अधिकारियों और कर्मचारियों ने आज एकदिवसीय सामूहिक अवकाश लेकर विरोध प्रदर्शन किया। यह आंदोलन जिला सहकारी केंद्रीय बैंक कर्मचारी संघ रायपुर (पंजीयन क्रमांक 3414) के आह्वान पर किया गया। कर्मचारियों ने वर्ष 2021 से लंबित वार्षिक वेतन वृद्धि लागू न होने पर नाराजगी जताई और बैंक प्राधिकृत अधिकारियों एवं पंजीयक सहकारी संस्थाएं छत्तीसगढ़ के खिलाफ नारेबाजी की।

कर्मचारियों का कहना है कि माननीय उच्च न्यायालय के निर्णयादेशों के बावजूद अब तक वेतनवृद्धि लागू नहीं की गई है। इससे कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। उन्होंने कहा कि सरकार और बैंक प्रबंधन की हठधर्मिता के चलते उन्हें वर्षों से आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। बैंक संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की गई, तो आंदोलन को आगे और व्यापक किया जाएगा।

आज के प्रदर्शन में बैंक की सभी 73 शाखाओं और मुख्यालय के अधिकारी-कर्मचारी एकजुट होकर शामिल हुए। कर्मचारियों ने “न्याय दो, हक दो” जैसे नारे लगाकर अपनी एकसूत्रीय मांगों को मजबूती से उठाया। आंदोलन के दौरान कार्य प्रभावित रहा और आम उपभोक्ताओं को भी बैंकिंग सेवाओं में असुविधा का सामना करना पड़ा।
कर्मचारी संघ ने उम्मीद जताई कि शासन व प्रबंधन उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय लेकर न्याय करेंगे, अन्यथा आगे उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई है।

Leave a Comment