Buy Advt. Space

सामुदायिक पुलिसिंग के तहत छोटे उसरी में दो दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता संपन्न

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । कोंडागांव पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग अभियान के तहत अतिसंवेदनशील वनांचल क्षेत्र थाना मर्दापाल अंतर्गत ग्राम छोटे उसरी में दो दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। यह आयोजन 28 जनवरी से 29 जनवरी 2026 तक पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा (भा.पु.से.) के निर्देशन में संपन्न हुआ।

पुलिस–जनता के बीच संवाद और विश्वास बढ़ाने का प्रयास

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कौशलेंद्र देव पटेल एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) मर्दापाल श्री सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य खेल के माध्यम से ग्रामीणों एवं पुलिस के बीच मधुर संबंध स्थापित करना तथा सहयोग की भावना को मजबूत करना था।

16 टीमों ने लिया हिस्सा, उत्साहपूर्ण रहा आयोजन

वॉलीबॉल प्रतियोगिता में ग्राम छोटे उसरी, मर्दापाल, हसलनार, राणापाल, नवागांव, हथकली, जोड़े़ंगा, चांगेर, मुलनार, कांगा, बादालूर, कुरूषनार, पुसपाल एवं ओड़ेगा सहित आसपास के क्षेत्रों की कुल 16 टीमों ने भाग लिया। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रदर्शन किया।

फाइनल मुकाबले में पुसपाल ने मारी बाज़ी

प्रतियोगिता का समापन 29 जनवरी को हुआ, जिसमें ग्राम पुसपाल एवं नवागांव के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया। रोमांचक मुकाबले में ग्राम पुसपाल की टीम ने प्रथम तथा ग्राम नवागांव की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

साइबर जागरूकता और यातायात सुरक्षा पर विशेष कार्यक्रम

कार्यक्रम के दौरान कोंडागांव साइबर सेल द्वारा विशेष साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। इसमें ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, सोशल मीडिया सतर्कता, पासवर्ड सुरक्षा, फेक न्यूज एवं डिजिटल अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई।
वहीं यातायात पुलिस द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से हेलमेट एवं सीट बेल्ट उपयोग, ओवरस्पीडिंग से बचाव, शराब पीकर वाहन न चलाने तथा सड़क सुरक्षा नियमों पर ग्रामीणों और युवाओं को जागरूक किया गया।

नशा मुक्ति एवं महिला सुरक्षा पर दिया गया संदेश

कार्यक्रम में नशा मुक्ति एवं महिला सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषयों पर भी जागरूकता फैलाने पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे नशे से दूर रहें और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सजग रहें।

पुलिस अधीक्षक ने स्वयं ग्रामीणों के साथ किया भोजन

दो दिवसीय आयोजन के दौरान प्रतिभागियों एवं ग्रामीणों के लिए पुलिस विभाग की ओर से भोजन की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा ने स्वयं ग्रामीणों के साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया, जिससे आपसी विश्वास और आत्मीयता का संदेश गया।

सामुदायिक पुलिसिंग को बताया प्रभावी माध्यम

पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा ने कहा कि ऐसे बहुआयामी आयोजन पुलिस और जनता के बीच की दूरी को कम करते हैं। यह युवा पीढ़ी को अपराध मुक्त, नशा मुक्त और सुरक्षित समाज की दिशा में प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि कोंडागांव पुलिस भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता और सुरक्षा को और मजबूत करेगी।

जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे उपस्थित

कार्यक्रम में प्रभारी साइबर सेल निरीक्षक श्री सौरभ उपाध्याय, यातायात प्रभारी निरीक्षक श्री मुकेश जोशी, थाना प्रभारी मर्दापाल निरीक्षक श्री राजकुमार सोरी सहित विभिन्न थाना प्रभारियों, जनप्रतिनिधियों, सरपंचों, पंचायत सदस्यों, अधिकारी–कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Comment