Buy Advt. Space

कलेक्टर ने साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में योजनाओं की प्रगति समीक्षा की

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । जिले में संचालित शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं विकास कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने मंगलवार को जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की।

शासकीय योजनाओं और निर्माण कार्यों की समीक्षा

बैठक के दौरान कलेक्टर ने जिले में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं, निर्माण कार्यों की प्रगति एवं विभागीय गतिविधियों की समीक्षा करते हुए कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

धान खरीदी एवं उठाव व्यवस्था पर विशेष चर्चा

कलेक्टर ने धान खरीदी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए धान खरीदी एवं धान उठाव में आ रही समस्याओं पर विशेष चर्चा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को धान उठाव की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा किसी भी प्रकार की समस्या का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए।

विभिन्न योजनाओं की प्रगति की ली जानकारी

इस अवसर पर कलेक्टर ने रजत जयंती कार्यक्रमों के अंतर्गत संचालित कार्यों, पुनर्वास केंद्रों में संचालित गतिविधियों, प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास निर्माण कार्यों की प्रगति, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना तथा कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं गतिविधियों की स्थिति की जानकारी ली।

बस्तर पंडुम आयोजन की तैयारियों की समीक्षा

कलेक्टर ने आगामी दिनों में आयोजित होने वाले बस्तर पंडुम आयोजन की तैयारियों एवं पंजीयन की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बैठक में अधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चाली ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment