Buy Advt. Space

कलेक्टर ने समय-सीमा बैठक में योजनाओं की समीक्षा, धान उठाव तेज करने के निर्देश

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन तथा निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। नववर्ष की पहली समय-सीमा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए नए उत्साह एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

धान खरीदी और उठाव की समीक्षा

बैठक के दौरान कलेक्टर ने जिले में संचालित धान खरीदी कार्य की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी की प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी रहनी चाहिए। कलेक्टर ने धान उठाव में तेजी लाने हेतु जिला विपणन अधिकारी (डीएमओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही पीडीएस बारदाने का शत-प्रतिशत संग्रहण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

डिजिटल कार्यप्रणाली का अनिवार्य पालन

कलेक्टर ने बताया कि 01 जनवरी से जिले के सभी शासकीय कार्यालयों में डिजिटल कार्यप्रणाली लागू हो चुकी है। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को ऑनलाइन उपस्थिति अनिवार्य रूप से दर्ज करने तथा ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से ही कार्यालयीन कार्य संपादित करने के निर्देश दिए।

अटल मॉनिटरिंग पोर्टल में समयबद्ध डाटा एंट्री पर जोर

राज्य शासन द्वारा योजनाओं की सतत निगरानी एवं मूल्यांकन के लिए विकसित अटल मॉनिटरिंग पोर्टल में सही एवं समयबद्ध डाटा एंट्री सुनिश्चित करने पर कलेक्टर ने विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि पोर्टल में अद्यतन जानकारी शासन स्तर पर योजनाओं की समीक्षा में सहायक होती है।

जनदर्शन में सुनी गईं नागरिकों की समस्याएं

समय-सीमा बैठक के दौरान कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं एवं मांगें सुनीं। इस दौरान विभिन्न विषयों से संबंधित बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment