ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक के उपरांत आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के विभिन्न अंचलों से आए आम नागरिकों की समस्याएं एवं मांगें सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई एवं शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
जनदर्शन में प्राप्त हुए विविध आवेदन
जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान नागरिकों द्वारा दिव्यांग प्रमाण पत्र, सड़क निर्माण, शिक्षा, पेयजल सहित विभिन्न विषयों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए गए। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
दिव्यांग प्रमाण पत्र हेतु आवेदन
विकासखण्ड कोण्डागांव के ग्राम बफना निवासी श्री शंभुनाथ ने अपनी दिव्यांग बालिका ललिता देवांगन के दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया, जिस पर कलेक्टर ने शीघ्र प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सड़क, शिक्षक और हैंडपंप की मांग
ग्राम तोतर निवासी राजेश नेताम ने तोतर से हंगवा तक सड़क मार्ग निर्माण की मांग रखी।
ग्राम करण्डी निवासी सोमारू राम ने प्राथमिक शाला बाईबेड़ा में शिक्षक की आवश्यकता को लेकर आवेदन दिया।
वहीं ग्राम भानपुरी निवासी विजय मण्डावी ने पेयजल सुविधा हेतु हैंडपंप स्थापना की मांग की।
अधिकारियों की रही उपस्थिति
जनदर्शन कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई एवं अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चार्ली ठाकुर उपस्थित रहे।








