ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । कोंडागांव विकासखंड अंतर्गत ग्राम चिपावंड में आज महतारी सदन भवन का भव्य लोकार्पण किया गया। राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा तथा बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी ने संयुक्त रूप से भवन का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
विभिन्न विभागों के स्टॉल का किया अवलोकन
इस अवसर पर डॉ. आशा लकड़ा ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया और हितग्राहियों को सामग्री का वितरण भी किया। कार्यक्रम के दौरान 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया गया।
जनजातीय समाज के विकास पर केंद्र सरकार का फोकस : डॉ. आशा लकड़ा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. आशा लकड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने विशेष पिछड़ी जनजातियों के उत्थान के लिए प्रधानमंत्री जनमन योजना तथा जनजातीय गौरव दिवस की शुरुआत को ऐतिहासिक पहल बताया।
उन्होंने कोंडागांव जिले की शिल्पकला की सराहना करते हुए कहा कि यहां का हुनर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुका है।
महतारी सदन बनेगा महिलाओं के सशक्तिकरण का केंद्र : विधायक लता उसेंडी
विधायक सुश्री लता उसेंडी ने महतारी सदन के लोकार्पण पर क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह भवन महिलाओं के सशक्तिकरण का सशक्त माध्यम बनेगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित महतारी वंदन योजना एवं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की लखपति दीदी योजना को महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर बताया।
विकसित भारत जीरामजी योजना से मिलेगा रोजगार और आजीविका
राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य श्री यशवंत जैन ने विकसित भारत जीरामजी योजना की जानकारी देते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण आजीविका, रोजगार और जल संरक्षण को बढ़ावा देने में सहायक सिद्ध होगी।
12 समूहों को मिला सीड लाइसेंस
कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ में पहली बार बिहान समूह की महिलाओं द्वारा संचालित आजीविका सेवा केंद्र के अंतर्गत 12 संगठनों को सीड लाइसेंस प्रदान किया गया। इससे वे कृषि सखी के माध्यम से अपने क्षेत्र में सेवाएं उपलब्ध करा सकेंगी।
इसके साथ ही 05 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, 04 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण तथा 04 लखपति दीदियों को सम्मानित किया गया।
जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्री सेवक राम नेताम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी, नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता कोर्राम, जनपद पंचायत माकड़ी अध्यक्ष श्रीमती जुगबती पोयाम सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।








