Buy Advt. Space

छुईखदान ज्वेलरी शॉप चोरी का खुलासा: नाबालिग मास्टरमाइंड और साथी गिरफ्तार, ₹6 लाख के चांदी के गहने बरामद

By

खैरागढ़। खैरागढ़ जिले के छुईखदान में बीते 8 और 9 अक्टूबर की दरमियानी रात हुई ज्वेलरी शॉप चोरी का पर्दाफाश पुलिस ने कर दिया है। वारदात में शामिल एक नाबालिग मास्टरमाइंड और उसके साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब ₹6 लाख मूल्य के चांदी के जेवरात बरामद किए हैं।

यह मामला नगर के मुख्य चौक स्थित सोनी ज्वेलर्स एंड इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान का है। अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर रखे कीमती जेवरात चोरी कर लिए थे। इस घटना के बाद दुकान संचालक परमेश्वर राम सोनी ने तत्काल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।

CCTV फुटेज से मिला सुराग

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश गौतम ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर दो संदिग्धों की पहचान की गई, जिन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।

पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों की पहचान प्रह्लाद निषाद उर्फ दादू (35 वर्ष) निवासी कंडरापारा, छुईखदान, और एक विधि से संघर्षरत नाबालिग के रूप में हुई है।

बरामद हुए 4 किलो चांदी के गहने

दोनों आरोपियों ने चोरी के बाद गहनों को गांव के एक सुरक्षित स्थान पर छिपा दिया था। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर सभी चोरी के सामान को बरामद कर लिया। बरामद जेवरात में पायल, कड़ा, बिछिया, बाजूबंद, करधन, चांदी के सिक्के, लाकेट और लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियाँ शामिल हैं।

बरामद चांदी का कुल वजन करीब 4 किलो और अनुमानित कीमत लगभग ₹6 लाख बताई गई है।

एक आरोपी फरार, तलाश जारी

पुलिस ने बताया कि इस चोरी में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है। उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। वहीं, गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने दावा किया है कि महज 72 घंटे में इस अंधे चोरी की गुत्थी सुलझाई गई और चोरी गया समस्त माल 100% बरामद कर लिया गया है।

पुलिस टीम:
थाना प्रभारी छुईखदान के नेतृत्व में गठित टीम में उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक एवं आरक्षकों की भूमिका सराहनीय रही।

Leave a Comment