ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । जिला मुख्यालय स्थित न्यू सर्किट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता में ने छत्तीसगढ़ सरकार के बजट 2026 को बस्तर अंचल के लिए ऐतिहासिक और विकासोन्मुखी बताया। उन्होंने कहा कि फरवरी–मार्च 2026 सत्र में प्रस्तुत 1.72 लाख करोड़ रुपये का बजट वर्ष 2047 तक विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
गांव, गरीब, किसान और युवाओं पर फोकस
सांसद ने कहा कि यह बजट गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के सर्वांगीण उत्थान की दिशा में ठोस कदम है। राज्य सरकार ने सामाजिक और आर्थिक विकास को संतुलित रूप से आगे बढ़ाने का प्रयास किया है।
शिक्षा और युवा सशक्तिकरण को प्राथमिकता
बस्तर संभाग के जगरमुडा और अबूझमाड़ में एजुकेशन सिटी की स्थापना के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके तहत विद्यालय, आईटीआई, छात्रावास और शिक्षकों के आवास विकसित किए जाएंगे।
स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट शाला योजना के अंतर्गत 150 स्कूलों के उन्नयन के लिए 100 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। निशुल्क प्रतियोगी परीक्षा कोचिंग के लिए 33 करोड़ और समग्र शिक्षा अभियान के लिए 1500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
कृषि क्षेत्र को मिलेगा बड़ा संबल
कृषि को मजबूत बनाने के लिए इंद्रावती नदी पर मटनार और देऊरगांव में दो बैराज तथा 68 किलोमीटर लंबी नहर निर्माण हेतु 2024 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे लगभग 32 हजार हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी।
कृषक उन्नति योजना के लिए 10 हजार करोड़, कृषि पंप सब्सिडी के लिए 6700 करोड़ तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लिए 820 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं।
महिला सशक्तिकरण और अधोसंरचना विकास
महिला सशक्तिकरण के तहत महतारी वंदन योजना के लिए 8200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। अधोसंरचना विकास के अंतर्गत बिलासपुर, जगदलपुर और अंबिकापुर एयरपोर्ट उन्नयन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जल जीवन मिशन और आवास योजनाओं के लिए भी पर्याप्त राशि तय की गई है।
अनेक जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित
प्रेसवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष सेवक राम नेताम, नपा अध्यक्षा नरपति पटेल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनोज जैन, पूर्व जिलाध्यक्ष दीपेश अरोरा, जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र सुराना, गौपाल दीक्षित, अनीता पोयाम, हिना श्रीवास्तव, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष नागेश देवांगन और बंटी नाग सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।








