Buy Advt. Space

सीजी संकल्प बजट में कोंडागांव को 200 करोड़ की बड़ी ऐतिहासिक सौगात

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के संकल्प सीजी बजट 2026-27 में कोंडागांव विधानसभा क्षेत्र को 200 करोड़ रुपये से अधिक की अधोसंरचना एवं विकास कार्यों की सौगात मिली है। यह प्रावधान विधायक एवं भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के प्रयासों से संभव हुआ है।

लोक निर्माण विभाग: 140 करोड़ के 22 कार्य स्वीकृत

लोक निर्माण विभाग अंतर्गत कुल 140 करोड़ रुपये की लागत से 22 विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें 18 सड़कों का निर्माण एवं उन्नयन कार्य शामिल है।

नारंगी नदी पर पुल और बाईपास निर्माण

विशेष रूप से कोंडागांव राष्ट्रीय राजमार्ग नारायणपुर रोड से बाईपास को जोड़ने के लिए नारंगी नदी पर पुल एवं सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया है। इसके अतिरिक्त सेतु संभाग के अंतर्गत 4 बड़े पुलों के निर्माण कार्य भी शामिल हैं।

जल संसाधन विभाग: सिंचाई क्षमता बढ़ाने पर जोर

जल संसाधन विभाग के अंतर्गत 35.5 करोड़ रुपये की लागत से 8 कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इन योजनाओं से क्षेत्र की सिंचाई क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।

ग्राम सड़क योजनाओं को भी मिली गति

मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 3 कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 2 नवीन सड़क निर्माण शामिल हैं। वहीं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित 12 किलोमीटर सड़क के सुदृढ़ीकरण हेतु 8.59 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

नगर पालिका क्षेत्र में तालाब सौंदर्यीकरण

नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत नकटीमुंडा तालाब के संवर्धन एवं सौंदर्यीकरण के लिए 3 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

शिक्षा क्षेत्र को मजबूती

स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत 7 नवीन शाला भवनों के निर्माण हेतु 3.65 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इनमें 4 प्राथमिक शालाएं, 1 हाई स्कूल और 2 नवीन हायर सेकेंडरी स्कूल भवन शामिल हैं।

स्वास्थ्य एवं प्रशासनिक अधोसंरचना को बढ़ावा

कोंडागांव जिले में बहुप्रतीक्षित शासकीय जी.एन.एम. नर्सिंग हॉस्टल भवन निर्माण हेतु लगभग 11 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

इसके साथ ही अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय सह तहसील कार्यालय के लिए कम्पोजिट बिल्डिंग, उप संचालक कृषि कार्यालय तथा ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक (ई-ट्रैक) निर्माण के लिए भी बजट में राशि निर्धारित की गई है।

मुख्यमंत्री व वित्त मंत्री का आभार

विधायक ने प्रदेश के मुख्यमंत्री , वित्त मंत्री तथा मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट कोंडागांव के सर्वांगीण विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

Leave a Comment