दुर्ग। पुलगांव थाना क्षेत्र में मिले एक अज्ञात शव की गुत्थी को दुर्ग पुलिस ने महज तीन दिनों में सुलझा लिया। जांच में सनसनीखेज खुलासा हुआ कि मृतक को उसकी ही पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर मौत के घाट उतार दिया।
ऐसे खुला हत्या का राज
24 अगस्त को पुलगांव थाना अंतर्गत नगपुरा स्थित आंवला बाड़ी से 40–45 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। पुलिस ने शव की पहचान कराने के लिए साइबर प्रहरी और रेडियो मैसेज का सहारा लिया। इसी दौरान महिला अंजनी ठाकुर मौके पर पहुंची और मृतक की पहचान अपने पति धनेश ठाकुर के रूप में की।
शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में सामने आया कि मौत सिर पर ठोस वस्तु से प्रहार के कारण हुई है। मामला हत्या का होने पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
पत्नी और प्रेमी की साजिश
जांच में पता चला कि मृतक की पत्नी अंजनी ठाकुर के संबंध हरपाल सिंह राजपूत उर्फ छोटू (निवासी सरस्वती नगर, दुर्ग) के साथ थे। पूछताछ में हरपाल ने कबूल किया कि उसका अंजनी से 25 साल से प्रेम संबंध था।
धनेश शराब का आदी था, काम छोड़ चुका था और आए दिन पत्नी से पैसे मांगता व गाली-गलौज करता था। पति की मौजूदगी के कारण अंजनी और हरपाल का मिलना-जुलना मुश्किल हो गया था। इसके बाद दोनों ने धनेश को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
22 अगस्त को हरपाल, अंजनी के एक्टिवा पर धनेश को शराब पिलाने के बहाने नगपुरा आंवला बाड़ी ले गया। वहां नशे में धुत धनेश को उसने पत्थर से सिर कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद अंजनी को फोन कर बोला – “काम हो गया, मैं घर लौट रहा हूँ।”
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
प्रेमी हरपाल सिंह उर्फ छोटू और पत्नी अंजनी ठाकुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ धारा 103 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस टीम का योगदान
इस बड़ी सफलता में थाना प्रभारी प्रकाशकांत, एसीसीयू प्रभारी प्रमोद रूसिया, चौकी प्रभारी मनोज यादव, उपनिरीक्षक खेलन साहू, आरक्षक नरेन्द्र सहारे, शौकत हयात खान, हिरामन साहू, सनत भारती और अश्वनी यदु की सराहनीय भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी
1. हरपाल सिंह राजपूत उर्फ छोटू (45 वर्ष)
2. अंजनी ठाकुर (44 वर्ष) पत्नी स्व. धनेश ठाकुर
CG CRIME NEWS पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति की पत्थर से कुचलकर हत्या








