Buy Advt. Space

केंद्रीय बजट 2025-26 जनविरोधी, किसानों और मध्यम वर्ग को निराश करने वाला: दिनेश पटेल

By

रिसाली । ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रिसाली के अध्यक्ष दिनेश कुमार पटेल ने केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए केंद्रीय बजट 2025-26 को पूरी तरह दिशाहीन, जनविरोधी और आम जनता की उम्मीदों को तोड़ने वाला करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह बजट न तो देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देता है और न ही किसानों, युवाओं और मध्यम वर्ग को कोई ठोस राहत प्रदान करता है।

दिनेश पटेल ने कहा कि बजट के दिन ही शेयर बाजार में आई भारी गिरावट सेंसेक्स में 1546 अंक और निफ्टी में 495 अंकों की गिरावट इस बात का स्पष्ट संकेत है कि निवेशकों का सरकार की आर्थिक नीतियों पर भरोसा कमजोर हुआ है। उन्होंने इसे पिछले छह वर्षों की सबसे बड़ी बजट-डे बिकवाली बताया।

उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों की आय दोगुनी करने के दावों के बावजूद बजट में एमएसपी की कानूनी गारंटी या कोई नई क्रेडिट योजना शामिल नहीं की गई, जो किसानों के साथ सीधा छल है। वहीं युवाओं के लिए रोजगार सृजन और उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए भी कोई ठोस योजना नहीं लाई गई।

पटेल ने कहा कि आम जनता पर महंगाई का बोझ लगातार बढ़ रहा है, लेकिन दाल, तेल और दवाइयों जैसी जरूरी वस्तुओं पर जीएसटी में किसी तरह की राहत नहीं दी गई। मध्यम और निम्न वर्ग के लिए किसी नई सब्सिडी या राहत योजना का भी अभाव रहा।

इनकम टैक्स स्लैब में कोई बदलाव न किए जाने से मध्यम वर्ग निराश है। वहीं, फ्यूचर एंड ऑप्शंस (F&O) ट्रेडिंग पर टैक्स बढ़ाकर छोटे निवेशकों को नुकसान पहुंचाया गया है। उन्होंने रक्षा, मेटल सेक्टर और अंतरराष्ट्रीय व्यापार नीति को लेकर भी बजट को असफल बताया।

अंत में दिनेश कुमार पटेल ने कहा कि यह बजट न तो वर्तमान समस्याओं का समाधान करता है और न ही भविष्य की कोई स्पष्ट दिशा दिखाता है। रिसाली ब्लॉक कांग्रेस कमेटी इस जनविरोधी बजट की कड़े शब्दों में निंदा करती है।

Leave a Comment