Buy Advt. Space

बस्तर पंडुम 2026: जनजातीय संस्कृति संरक्षण हेतु जनपद स्तरीय प्रतियोगिताओं का शुभारंभ

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा जनजातीय परंपराओं, लोककलाओं एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बस्तर अंचल की समृद्ध लोकसंस्कृति को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से बस्तर पंडुम 2026 का आयोजन किया जा रहा है।

तीन चरणों में होगा बस्तर पंडुम 2026 का आयोजन

कोंडागांव जिले में बस्तर पंडुम 2026 का आयोजन तीन चरणों में किया जाएगा। इसके अंतर्गत ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत, जिला एवं संभाग स्तर पर सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इन प्रतियोगिताओं में जिले की 12 प्रमुख पारंपरिक विधाओं से जुड़े कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य जनजातीय लोकनृत्य, लोकगीत, वाद्ययंत्र, नाट्य एवं अन्य पारंपरिक कलाओं को प्रोत्साहित करना है।

जनपद स्तरीय प्रतियोगिताओं से होगी शुरुआत

प्रथम चरण के अंतर्गत जनपद स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके लिए संबंधित अनुभाग के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर विकासखंडवार कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं।

जनपदवार आयोजन की तिथियां एवं स्थल

  • कोण्डागांव – ऑडिटोरियम, 15 से 17 जनवरी 2026
  • माकड़ी – मंडी प्रांगण, 15 से 16 जनवरी 2026
  • फरसगांव – सामुदायिक भवन, जनपद पंचायत परिसर, 15 से 16 जनवरी 2026
  • केशकाल – सुरडोंगर मैदान, 19 से 20 जनवरी 2026
  • बड़ेराजपुर – हाई स्कूल मैदान, मारंगपुरी, 19 से 20 जनवरी 2026

प्रथम चरण के विजेताओं को 10 हजार रुपये का पुरस्कार

प्रथम चरण में प्रत्येक विजेता दल को 10,000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही सभी प्रतिभागी दलों को प्रमाण पत्र एवं फोटो फ्रेम देकर सम्मानित किया जाएगा।

जिला स्तरीय प्रतियोगिता 24 से 29 जनवरी तक

द्वितीय चरण के अंतर्गत जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 24 से 29 जनवरी 2026 तक किया जाएगा। इस चरण में प्रत्येक विजेता दल को 20,000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
जिला स्तरीय मूल्यांकन के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय चयन समिति का गठन किया जाएगा।

संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में मिलेंगे बड़े पुरस्कार

तृतीय एवं अंतिम चरण में संभाग स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 6 से 8 फरवरी 2026 तक किया जाएगा। इसमें—

  • प्रथम पुरस्कार – 50,000 रुपये
  • द्वितीय पुरस्कार – 30,000 रुपये
  • तृतीय पुरस्कार – 20,000 रुपये
  • अन्य प्रतिभागी दलों को 10,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।

Leave a Comment