Buy Advt. Space

विधायक लता उसेण्डी ने बंधा तालाब निरीक्षण किया, सोमवार से स्वच्छता अभियान

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । नगर के मध्य स्थित बंधा तालाब को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद द्वारा सोमवार को प्रातः 10 बजे से व्यापक स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया जाएगा।

बंधा तालाब की स्थिति का लिया जायजा

बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेण्डी ने रविवार को कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के साथ बंधा तालाब का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तालाब की वर्तमान स्थिति का अवलोकन करते हुए सफाई एवं संरक्षण को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

गंदे पानी की निकासी रोकने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान विधायक सुश्री उसेण्डी ने शहर के विभिन्न वार्डों से तालाब में आ रहे गंदे पानी की निकासी को रोकने पर विशेष जोर दिया। साथ ही उन्होंने स्थायी समाधान के रूप में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे उपस्थित

इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष श्री नरपति पटेल, उपाध्यक्ष श्री जसकेतु उसेण्डी, जिला पंचायत कांकेर की अध्यक्ष श्रीमती किरण नरेटी, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री दिनेश डे सहित नगर पालिका के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

सफाई अभियान में श्रमदान की अपील

बंधा तालाब में प्रारंभ हो रहे स्वच्छता अभियान को सफल बनाने हेतु नगर पालिका परिषद द्वारा नगरवासियों से श्रमदान की अपील की गई है। नगर पालिका ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे स्वेच्छा से इस अभियान में सहभागी बनकर नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में अपना योगदान दें।

Leave a Comment