Buy Advt. Space

बम्हनी में बाढ़ से बचाव मॉक ड्रिल, एनडीआरएफ ने बताए जीवन रक्षक उपाय

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । बाढ़ जैसी आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने और जनसामान्य को जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को कोण्डागांव जिले के ग्राम बम्हनी में बाढ़ परिदृश्य आधारित मॉक एक्सरसाइज का सफल आयोजन किया गया। यह आयोजन राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (03 वाहिनी एनडीआरएफ, मुण्डली कटक ओडिशा), छत्तीसगढ़ राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग तथा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कोण्डागांव के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।

बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं छात्र रहे उपस्थित

मॉक ड्रिल को देखने ग्राम बम्हनी सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं स्कूली विद्यार्थियों की उपस्थिति रही। एनडीआरएफ टीम द्वारा बाढ़ की स्थिति में स्वयं को सुरक्षित रखने, फंसे लोगों के रेस्क्यू तथा प्राथमिक उपचार की प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन किया गया।

एनडीआरएफ टीम ने बताए बचाव के व्यावहारिक तरीके

एनडीआरएफ टीम ने बताया कि बाढ़ के समय घबराने के बजाय सूझबूझ, सही जानकारी और उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर जान बचाई जा सकती है। टीम द्वारा बाढ़ राहत एवं बचाव में उपयोग होने वाली सामग्रियों की विस्तृत जानकारी दी गई।

रेस्क्यू उपकरणों की दी गई जानकारी

मॉक ड्रिल के दौरान लाइफ जैकेट एवं पाइप बॉय, रेस्क्यू रोप एवं बोट, प्लास्टिक की खाली बोतलों से अस्थायी फ्लोटेशन डिवाइस, बांस एवं नारियल जैसे स्थानीय संसाधनों के उपयोग की जानकारी दी गई। टीम ने बताया कि आपात स्थिति में घर पर उपलब्ध साधनों से भी अस्थायी जीवन रक्षक उपकरण तैयार किए जा सकते हैं।

रेस्क्यू से लेकर प्राथमिक उपचार तक का प्रदर्शन

ड्रिल के दौरान यह प्रदर्शित किया गया कि बाढ़ में फंसे व्यक्ति को किस रणनीति से सुरक्षित बाहर निकाला जाता है, रेस्क्यू के बाद उसे प्राथमिक उपचार कैसे दिया जाता है और तत्पश्चात स्वास्थ्य केंद्र तक सुरक्षित कैसे पहुंचाया जाता है। डॉक्टरों द्वारा सीपीआर की प्रक्रिया का भी प्रायोगिक प्रदर्शन किया गया।

छात्र ने किया सीपीआर का सफल अभ्यास

इस अवसर पर ग्राम बम्हनी के विज्ञान संकाय कक्षा 11वीं के छात्र टिकेन्द्र पानीग्राही ने स्वयं सीपीआर की पूरी प्रक्रिया कर देखी। उन्होंने बताया कि यह उनका पहला अनुभव था, जिससे सीपीआर को समझना उनके लिए सरल हो गया।

जवाई मुंडा तालाब पर चला रेस्क्यू ऑपरेशन

मॉक एक्सरसाइज के अंतर्गत ग्राम बम्हनी स्थित जवाई मुंडा तालाब में रेस्क्यू ऑपरेशन का प्रदर्शन किया गया, जिसमें बाढ़ में फंसे व्यक्ति को सुरक्षित निकालकर तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनी में उपचार हेतु पहुंचाया गया।

अधिकारियों एवं विभागों की रही सक्रिय सहभागिता

यह मॉक ड्रिल एनडीआरएफ कटक के कमांडर डॉ. नवीन कुमार, टीम कमांडर इंस्पेक्टर हीरा सिंह, सब इंस्पेक्टर श्री राजपाल गुर्जर एवं श्री विवेक पाण्डे के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। जिला प्रशासन की ओर से संयुक्त कलेक्टर श्री वहीदुर्रहमान (नोडल अधिकारी), इंसिडेंट कमांडर श्री किशोर शर्मा, अधीक्षक भू-अभिलेख सुश्री सुषमा मंडावी सहित पुलिस विभाग, जिला सेनानी, स्वास्थ्य विभाग, जिला आपदा मोचन प्रबंधन बल एवं रेड क्रॉस सोसायटी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जनजागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

इस मॉक एक्सरसाइज के माध्यम से बाढ़ से निपटने की तैयारी, बचाव के उपायों एवं त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली की जानकारी देकर ग्रामीणों और विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।

Leave a Comment