Buy Advt. Space

बलरामपुर में तेज रफ्तार कार का कहर, एक की मौत, एक गंभीर

By

बलरामपुर। होली के दिन जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। सामरी गोपातु मेन रोड पर बुधवार शाम करीब 7:25 बजे तेज रफ्तार अज्ञात कार ने सड़क किनारे पैदल चल रहे दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी और चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे सड़क किनारे चल रहे दोनों लोग टक्कर लगते ही दूर जा गिरे। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल व्यक्ति की मदद की और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही सामरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।

पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही बताया जा रहा है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Comment