Buy Advt. Space

बालगृह कर्मचारियों का ज्ञापन, नौकरी यथावत रखने की कलेक्टर से मांग

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत एनजीओ द्वारा संचालित बालगृह में कार्यरत कर्मचारियों ने सोमवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने ज्ञापन के माध्यम से अपनी सेवाएं यथावत बनाए रखने की मांग की है।

वर्षों से बच्चों की सेवा का हवाला

कर्मचारियों ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से अनाथ, निराश्रित एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों की सेवा पूर्ण निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बालगृह में रह रहे बच्चों के लिए वे केवल कर्मचारी नहीं, बल्कि अभिभावक की भूमिका भी निभाते हैं।

कोरोना काल में निभाई अहम जिम्मेदारी

ज्ञापन में कर्मचारियों ने विशेष रूप से कोरोना महामारी के कठिन समय का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि उस दौर में, जब पूरा देश भय और अनिश्चितता से जूझ रहा था, तब भी उन्होंने अपने परिवारों से दूर रहकर बालगृह परिसर में निवास किया और बच्चों की देखभाल की।
कर्मचारियों के अनुसार, महीनों तक उन्होंने बच्चों की सुरक्षा, भोजन, इलाज, पढ़ाई और मानसिक देखभाल की जिम्मेदारी निभाई और किसी भी परिस्थिति में बच्चों को अकेला नहीं छोड़ा।

बालिकाओं की उपलब्धियों पर जताया गर्व

कर्मचारियों ने बताया कि उनके सामूहिक प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। बालिकागृह कोण्डागांव की बालिकाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों में भाग ले रही हैं और लगातार दो वर्षों से प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार की विजेता बनी हैं। इसे कर्मचारियों ने अपने समर्पण और मेहनत का प्रतिफल बताया।

सेवाएं समाप्त होने की आशंका

कर्मचारियों ने आशंका व्यक्त की कि उनकी सेवाएं समाप्त की जा सकती हैं। इससे उनके परिवारों के सामने रोजगार और आजीविका का संकट उत्पन्न हो जाएगा। साथ ही इसका सीधा असर बालगृह में रह रहे बच्चों की देखरेख और व्यवस्थाओं पर भी पड़ेगा, क्योंकि वर्तमान कर्मचारी इस कार्य में पूरी तरह प्रशिक्षित और अनुभवी हैं।

मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की मांग

कर्मचारियों ने कलेक्टर से मांग की कि उनकी सेवा, अनुभव और त्याग को ध्यान में रखते हुए के अंतर्गत एनजीओ द्वारा संचालित बालगृह में कार्यरत सभी कर्मचारियों को यथावत सेवा में रखा जाए, ताकि बच्चों की देखभाल की व्यवस्था प्रभावित न हो।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में बालगृह कर्मचारी उपस्थित रहे और उन्होंने प्रशासन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाने की अपील की।

Leave a Comment