Buy Advt. Space

प्रत्येक माह 07 तारीख को रोजगार दिवस संग मनाया जाएगा आवास दिवस

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास निर्माण कार्यों में गति लाने तथा समय-सीमा में आवासों को पूर्ण कराने के उद्देश्य से अब जिले में प्रत्येक माह की 07 तारीख को रोजगार दिवस के साथ-साथ आवास दिवस का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन जिले की सभी ग्राम पंचायतों में किया जाएगा।

ग्राम पंचायतों में होगा सामूहिक आयोजन

आवास दिवस के अवसर पर संबंधित ग्राम पंचायत अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों की सूची का वाचन किया जाएगा। साथ ही लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण पत्रों का वितरण भी किया जाएगा, जिससे योजना की पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।

मौके पर होगा समस्याओं का समाधान

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास निर्माण में आ रही विभिन्न तकनीकी एवं प्रशासनिक समस्याओं का निराकरण मौके पर ही किया जाएगा। इसमें किस्त की राशि लंबित होना, केवाईसी (KYC) से जुड़ी समस्याएं, 90 दिवस की अकुशल मजदूरी राशि का हस्तांतरण सहित अन्य स्थानीय समस्याएं शामिल हैं।

निर्माण सामग्री की उपलब्धता होगी सुनिश्चित

आवास निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए सेंट्रिंग प्लेट, ईंट, रेत आदि निर्माण सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु स्व सहायता समूहों के माध्यम से सामग्री बैंक की स्थापना की जाएगी। इन सामग्री बैंकों की जानकारी भी आवास दिवस के अवसर पर ग्रामीणों को दी जाएगी।

रोजगार एवं आजीविका से जुड़े आवेदन भी होंगे स्वीकार

आवास दिवस के साथ-साथ जीजीराम जी अंतर्गत रोजगार की मांग के आवेदन तथा आजीविका डबरी निर्माण हेतु आवेदन भी इसी दिन ग्राम पंचायतों में स्वीकार किए जाएंगे। इससे गांवों में जल संवर्धन एवं संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

एक मंच पर मिलेगी दोनों योजनाओं की जानकारी

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई ने बताया कि इस आयोजन से ग्रामीणों को जीजीराम जी एवं प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित समस्त जानकारी एक ही मंच पर प्राप्त होगी। इससे दोनों योजनाओं से जुड़ी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा।

Leave a Comment