छुरा ब्लॉक पित्तेश्वर हरपाल गरियाबंद ! जिले के कलेक्टर श्री बी.एस. उइके ने आज जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की मांग, समस्याएं और शिकायतें गंभीरता से सुनीं। उन्होंने कुल 79 आवेदनों पर सुनवाई करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित और प्राथमिकता के आधार पर समाधान के निर्देश दिए।
जनदर्शन में कई महत्वपूर्ण मामले सामने आए। ग्राम बोदल बाहरा के चैतराम नेताम ने अंतिम जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराने की मांग की। ग्राम मोहतरा के किशोर ध्रुव ने ऋण पुस्तिका बनाने का अनुरोध किया। ग्राम चरभट्ठी के महेश साहू ने भूमि का पट्टा दिलाने की मांग रखी। ग्राम कौंदकेरा की गंगाबाई ने राशि भुगतान कराने की अपील की।
इसी तरह, गरियाबंद की अनिता यादव ने उचित न्याय, और हेमंत रामटेके ने गंदे पानी की निकासी की समस्या रखी। ग्राम देहारगुड़ा के सेलेश्वर कुमार ने नौकरी से बिना कारण हटाए जाने पर कार्रवाई की मांग की। ग्राम पंचायत गोबरा में सचिव को हटाने का मुद्दा भी उठाया गया।
ग्राम बासीन की मनीषा पुर्रे ने नामांतरण से जुड़ी समस्या रखी, जबकि ग्राम धवलपुरडीह के सागर गिरी ने पट्टा प्रदान करने की मांग की। ग्राम खलियापारा के बृजलाल ने सौर ऊर्जा बोरवेल उपलब्ध कराने और ग्राम पतोरा की निर्मला मारकंडे ने भूमि अधिकार देने का अनुरोध किया। वहीं, ग्राम चुरकी के भुनेश्वर ने तेंदूपत्ता संग्रहण की राशि भुगतान का मुद्दा उठाया।
कलेक्टर ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए स्पष्ट कहा कि जनदर्शन में प्राप्त शिकायतों का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभागों को तय समयसीमा में कार्रवाई करने और आवेदकों को संतोषजनक जवाब देने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी 79 लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश








