गरियाबंद छुरा ब्लॉक से पीतेश्वर हरपाल की रिपोर्ट
गरियाबंद ! मड़ेली गांव में आज एक विशेष समाधान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। यह शिविर राज्य शासन के “सुशासन तिहार” अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसकी नींव मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने 9 मई को मड़ेली में अपने दौरे के दौरान रखी थी।
कलेक्टर श्री बी.एस. उइके ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा घोषित बहुप्रतीक्षित पीपरछेड़ी जलाशय के निर्माण को स्वीकृति मिल चुकी है। साथ ही अन्य घोषणाओं पर भी तेजी से कार्रवाई जारी है।
शिविर में 15 ग्राम पंचायतों के हजारों ग्रामीण पहुंचे। विभिन्न विभागों ने मौके पर ही आवेदनों का निराकरण कर हितग्राहियों को लाभ पहुंचाया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा तीन गर्भवती महिलाओं को पोषण किट प्रदान कर गोदभराई रस्म निभाई गई, वहीं तीन बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न हुआ।
ग्राम पंचायत मड़ेली के सरपंच श्री अशोक ध्रुव और उपसरपंच श्री जसप्रीत सिंह ने दो गंभीर कुपोषित बच्चों को गोद लेकर उन्हें पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया।
अहम लाभ वितरण:
10 किसानों को अरहर बीज मिनी किट
08 हितग्राहियों को नवीन राशन कार्ड
10 श्रमिकों को मनरेगा जॉब कार्ड
कलेक्टर श्री उइके एवं अधिकारियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की समीक्षा की। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री नवीन भगत, एसडीएम श्रीमती ऋषा ठाकुर, जनपद अध्यक्ष श्रीमती मीरा ठाकुर सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।
यह शिविर मड़ेली क्षेत्र के लिए न केवल योजनाओं की सौगात लेकर आया, बल्कि शासन और जनता के बीच सीधे संवाद का एक प्रभावशाली माध्यम भी बना।
मड़ेली में विशेष समाधान शिविर आयोजित, हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ








