Buy Advt. Space

कोण्डागांव में खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण, स्वच्छता और सुरक्षा मानकों के पालन के दिए निर्देश

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव। कोण्डागांव, 26 नवंबर 2026। जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और आम नागरिकों को सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। ‘सुरक्षित आहार हमर अधिकार’ थीम के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने केशकाल एवं कोण्डागांव शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान प्रतिष्ठान संचालकों को स्वच्छता बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

केशकाल के ढाबे और मिठाई दुकानों का किया निरीक्षण

अभियान के तहत मेसर्स गोल्डी ढाबा, मेन रोड केशकाल का निरीक्षण किया गया। यहां खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाओं में कमियां पाए जाने पर सुधार सूचना जारी करने की अनुशंसा की गई।

प्रतिष्ठान संचालक को खाद्य सामग्री के भंडारण एवं उपयोग में FIFO (First In First Out) प्रणाली अपनाने, शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को अलग-अलग रखने तथा खाद्य सामग्री को लपेटने के लिए समाचार पत्रों का उपयोग नहीं करने के निर्देश दिए गए।

इसी प्रकार श्री भगवती बीकानेर स्वीट्स, मेन रोड केशकाल को भी खाद्य सामग्री का सुरक्षित भंडारण करने, FIFO प्रणाली का पालन करने और मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों को समाचार पत्रों में नहीं लपेटने के निर्देश दिए गए।

कोण्डागांव के होटल और रेस्टोरेंट में मिली कमियों पर दिए निर्देश

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कोण्डागांव शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान पुराना बस स्टैंड स्थित लाला होटल को फ्रीजर की नियमित साफ-सफाई करने तथा स्टेनलेस स्टील चॉपिंग बोर्ड एवं चाकू का उपयोग करने के निर्देश दिए गए।

वहीं सुनीता होटल को वॉशिंग एरिया की नियमित सफाई रखने और स्टेनलेस स्टील चॉपिंग बोर्ड एवं चाकू का उपयोग करने के लिए कहा गया। रसोई द फैमिली रेस्टोरेंट को भी स्टेनलेस स्टील चॉपिंग बोर्ड एवं चाकू का उपयोग करने तथा डस्टबिन को हमेशा ढककर रखने के निर्देश दिए गए।

खाद्य कारोबारकर्ताओं को स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की समझाइश

खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सभी खाद्य कारोबारकर्ताओं को खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, रसोई की स्वच्छता, व्यक्तिगत साफ-सफाई और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने की समझाइश दी जा रही है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण लगातार जारी रहेगा। नियमों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध आवश्यक सुधारात्मक एवं प्रवर्तन संबंधी कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

इस निरीक्षण एवं कार्रवाई के दौरान अभिहित अधिकारी श्री रोशन वर्मा के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री संजय कुमार नंद उपस्थित रहे। विभाग द्वारा नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस तरह के अभियान निरंतर संचालित किए जा रहे हैं।

Leave a Comment